- नदी में डूबने से गुना के दो भाई सहित मां-बेटे समेत चार की मौत गुना (ईएमएस)।राजस्थान के बारां जिले के छबड़ा क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने शादी समारोह की खुशियों को मातम में बदल दिया। पार्वती नदी में नहाने गए चार लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में एक महिला, उसका बेटा और गुना जिले के दो सगे भाई शामिल हैं। घटना के बाद दोनों राज्यों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार सभी लोग एक पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए छबड़ा क्षेत्र के गूगौर गांव पहुंचे थे। दोपहर करीब 1 बजे कुछ लोग पार्वती नदी में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान नदी में लगे मछली पकड़ने के जाल में एक युवक का पैर फंस गया और वह गहरे पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में साथ मौजूद अन्य लोग भी नदी में उतर गए, लेकिन हालात बिगड़ते चले गए और देखते ही देखते चारों पानी में समा गए। हादसे में छीपाबड़ौद निवासी गुड्डी बाई और उनके पुत्र सलाम की मौत हो गई। वहीं गुना जिले के रहने वाले दो सगे भाई, 18 वर्षीय युनुस खान और 17 वर्षीय अरमान भी इस दुर्घटना का शिकार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से चारों को नदी से बाहर निकाला गया और तत्काल छबड़ा के राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा कुछ ही मिनटों में हो गया और किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। विवाह समारोह में शामिल परिजन अचानक हुए इस हादसे से स्तब्ध रह गए। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नदी में मौजूद मछली पकड़ने के जाल के कारण यह हादसा हुआ। प्रशासन पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रहा है। वहीं चार लोगों की एक साथ मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।- सीताराम नाटानी