- धोखाधड़ी कर स्व-सहायता समूह से छीना मध्यान्ह भोजन का काम, सरपंच पति पर साजिश का आरोप सीहोरे (इएमएस)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के ग्राम मुरावर में शासकीय स्कूल में मध्यान्ह भोजन बनाने वाले तुलसी स्व-सहायता समूह को राजनीतिक रसूख और धोखाधड़ी के चलते काम से हटाए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित समूह की महिलाओं ने इस संबंध में उच्च अधिकारियों को आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। - वर्ष 2014 से कर रही थीं निष्पक्ष कार्य समूह की अध्यक्ष श्रीमती रामकुंवर बाई और सचिव श्रीमती पार्वती बाई ने बताया कि उनका समूह वर्ष 2007 से गठित है और वे 2014 से लगातार शासकीय स्कूल में पूरी गुणवत्ता और ईमानदारी के साथ मध्यान्ह भोजन का संचालन कर रही हैं। आज तक उनके काम में कोई भी त्रुटि या शिकायत नहीं मिली है। - सरपंच की शह पर अपनों को फायदा पहुँचाने का खेल आवेदकगणों के अनुसार, आगामी सत्र 2026-27 से उनका काम छीनकर नव दुर्गा स्व-सहायता समूह को सौंप दिया गया है। आरोप है कि इस नए समूह की अध्यक्ष वर्तमान ग्राम सरपंच की पत्नी हैं। सरपंच ने अपने पद का दुरुपयोग और धोखाधड़ी करते हुए तुलसी समूह को सेवा से बाहर करवाया है, ताकि अपने परिवार के समूह को इसका लाभ दिलाया जा सके। पीड़ितों की मांग हमारे साथ अन्याय हुआ है। इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और नए सत्र में भी हमारे समूह को ही मध्यान्ह भोजन बनाने का आदेश जारी किया जाए। इएमएस \ १६ जून २०२६