क्षेत्रीय
16-Jun-2026
...


मच्छर जनित बीमारियों के प्रसार पर नियंत्रण हेतु चला फॉगिंग अभियान कटनी (ईएमएस)। आगामी वर्षा ऋतु के दौरान नगर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो तथा नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध हो सके, इसके लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा स्वच्छता अभियान और वर्षा पूर्व सुगम जल निकासी संबंधी तैयारियों को तेज गति से संचालित किया जा रहा है। स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत नगर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य अमले द्वारा प्रतिदिन दो शिफ्टों में विभिन्न मुख्य मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों की सफाई कराई जा रही है। रोजाना दो शिफ्ट में हो रहे प्रयास सोमवार को रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था के तहत बस स्टैंड परिसर, सुभाष चौक मेन रोड, गोल बाजार, साधूराम स्कूल से मिशन चौक मार्ग सहित अन्य प्रमुख क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। वहीं प्रातःकालीन सफाई व्यवस्था के अंतर्गत मिशन चौक, सागर पुलिया मुख्य मार्ग, जगन्नाथ चौक, घंटाघर, बरगवां-माधव नगर मार्ग, पीडब्ल्यूडी कॉलोनी, लखेरा, स्टेशन रोड सहित नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं डिवाइडरों की सफाई कर नगर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के प्रयास किए गए। सुगम जल निकासी के प्रयास जारी स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी ने बताया कि वर्षा पूर्व जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर के विभिन्न वार्डों में नाले-नालियों की व्यापक सफाई कराई गई। वार्ड क्रमांक 2 पुरैनी में बाबा ढाबा के पास स्थित कच्चे नाले की जेसीबी मशीन से सफाई कराई गई। इसके साथ ही भटिया मोहल्ला, मीरा धाम कॉलोनी गली क्रमांक 3, वार्ड क्रमांक 6 बिस्मिल्ला होटल गली, वार्ड क्रमांक 9 रंजीत डेयरी के पीछे एवं कनकने स्कूल के सामने, वार्ड क्रमांक 11 संत नगर बस्ती तथा वार्ड क्रमांक 12 आधारकाप स्थित चौधरी मोहल्ला सहित विभिन्न स्थानों की जाम नालियों को जेटिंग मशीन के माध्यम से खुलवाया गया। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 23 वर्मा गली, वार्ड क्रमांक 27 इंडिया होटल के समीप बड़े नाले, वार्ड क्रमांक 32 में पांडेय मोहल्ला दुर्गा मंदिर तक, वार्ड क्रमांक 33 के विभिन्न क्षेत्रों, भीमराव चौक से विवेकानंद चौक, एम्बुलेंस रोड, वार्ड क्रमांक 35 एवं 42 के मुख्य मार्गों, गढ़ड़ा टोला बस्ती, वार्ड क्रमांक 39 सिंधी स्कूल क्षेत्र, वार्ड क्रमांक 41 मेन बाजार तथा वार्ड क्रमांक 45 माधव नगर स्टेशन क्षेत्र सहित अनेक स्थानों पर नाले-नालियों में जमा सिल्ट एवं अपशिष्ट को हटाकर जल निकासी मार्गों को साफ किया गया। निगम प्रशासन का उद्देश्य मानसून के दौरान जलभराव की संभावनाओं को न्यूनतम करना एवं जल प्रवाह को सुचारू बनाए रखना है। फागिंग अभियान निरंतर जारी इसके अतिरिक्त वर्तमान मौसम को देखते हुए मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा फॉगिंग अभियान भी लगातार संचालित किया जा रहा है। सोमवार रात्रि जगमोहन दास वार्ड के विभिन्न मुख्य मार्गों, बस्तियों एवं आवासीय क्षेत्रों में फॉगिंग मशीन के माध्यम से कीटनाशक दवा का छिड़काव कर नागरिकों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की गई। नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी स्वच्छता बनाए रखने, नालियों में कचरा न डालने तथा वर्षा पूर्व सफाई एवं जल निकासी व्यवस्थाओं में सहयोग करने की अपील की है।