राष्ट्रीय
16-Jun-2026
...


-तीन भारतीय नाविकों की मौत का मामला उठाने की मांग नई दिल्ली,(ईएमएस)। कांग्रेस सांसद एवं पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने तीन भारतीय नागरिकों की मौत को लेकर कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने इस मुद्दे (अमेरिकी हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत का मामला) को उठाना चाहिए। उन्होंने इस बात पर हैरानी जाहिर की है कि अभी तक इस मामले पर सरकार ने खुलकर कोई बात ही नहीं की है। कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी ने मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए कहा, पीएम मोदी को अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के सामने तीन भारतीय नाविकों की मौत का मामला उठाना चाहिए। उन्होंने कहा, यह हैरानी की बात है कि जो हो रहा है, उस पर सरकार ने आज तक खुलकर कोई बात ही नहीं की है। यहां प्रियंका गांधी ने कहा, मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री मोदी को निश्चित रूप से यह मुद्दा उठाना चाहिए। कांग्रेस पार्टी की सोशल मीडिया विभाग की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, कि अमेरिका ने एमटी सेटेबेलो जहाज पर हमला करके तीन भारतीय नाविकों की क्रूर हत्या कर दी। अमेरिका जहाज पर हमला करते वक्त यह जानता था कि उसमें भारतीय नाविक सवार हैं, बावजूद इसके उसने हमला किया। इस युद्ध से हमारा कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन हमारे लोगों की हत्या करने का साहस अमेरिका ने किया है। इससे पूरा देश गमगीन है। उन्होंने सरकार की खामोशी पर सवाल खड़े किए और कहा, सरकार की चुप्पी विफल विदेश नीति का ही उदाहरण है। उन्होंने कहा मोदी सरकार ऐसा कुछ भी नहीं कर पाई और न ही अमेरिका ने ही माफी मांगी या शोक व्यक्त किया, उल्टा उसने हमें ही धमका दिया और हत्याओं को जायज ठहराया। गौरतलब है कि अमेरिका ने बीते 10 जून को पलाऊ के ही ध्वज वाले जहाज सेटेबेलो पर हमला किया था, जिसमें सवार 24 भारतीय नाविकों में से तीन की मौत हो गई थी। इस मामले को इससे पहले भी कांग्रेस के अन्य नेताओं ने उठाया था और कहा, कि जहाज पर हमला करते समय अमेरिका को पता था कि उसमें भारतीय नाविक सवार हैं, इसके बावजूद उसने हमला किया। अब चूंकि पीएम मोदी की जी7 समिट के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति टंप से मुलाकात होनी है, ऐसे में चारों ओर से इस मामले को उठाने की मांग भी उठ रही है। हिदायत/ईएमएस 16जून26