तंत्र का अचूक निशाना, गुना कोतवाली पुलिस ने मात्र 3 दिन में किया सराफा की बड़ी चोरी का भंडाफोड़ गुना (ईएमएस)। । सराफा बाजार स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान से दिनदहाड़े चांदी से भरा बैग चोरी करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने वारदात के महज तीन दिन के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 5 लाख रुपए मूल्य की चोरी गई पूरी चांदी भी बरामद कर ली है। मामले के खुलासे से सराफा व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। जानकारी के अनुसार 13 जून को सराफा बाजार स्थित मनोज ज्वैलर्स से चांदी से भरा बैग चोरी हो गया था। दुकान संचालक मनोज कुमार जैन ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि दोपहर में वे अपने पिता सुमेरचंद जैन को दुकान पर छोड़कर बाहर गए थे। इसी दौरान दुकान में मौजूद बुजुर्ग व्यापारी टीवी देखते हुए आराम कर रहे थे। मौका पाकर एक अज्ञात युवक काउंटर के पास पहुंचा और चांदी से भरा बैग उठाकर फरार हो गया। घटना का पता शाम को दुकान बंद करते समय चला। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर आरोपी बैग चोरी करते हुए दिखाई दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन और सीएसपी प्रियंका मिश्रा के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से परीक्षण किया, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान सुनिश्चित की। जांच के दौरान पुलिस ने श्रीराम कॉलोनी निवासी अंकित भट्ट (30) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। इसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरी गई करीब 5 लाख रुपए मूल्य की संपूर्ण चांदी बरामद कर ली गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा सहित कोतवाली पुलिस, साइबर सेल और सीसीटीवी कंट्रोल रूम की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।