क्षेत्रीय
16-Jun-2026
...


मुरैना (ईएमएस)। शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण हेतु जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसी क्रम में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशानुसार मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कमलेश कुमार भार्गव ने नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके त्वरित, प्रभावी एवं संतोषजनक निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 180 आवेदन प्राप्त हुए। जनसुनवाई में नागरिकों द्वारा राजस्व, भूमि विवाद, छात्रवृत्ति, अतिथि शिक्षक, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय, पेंशन, स्वच्छता, अतिक्रमण, सिंचाई तथा अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं एवं शिकायतें प्रस्तुत की गईं। प्राप्त सभी आवेदनों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक प्रकरण को जन आकांक्षा पोर्टल पर दर्ज कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री भार्गव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का निराकरण संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ किया जाए तथा किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि नागरिकों को त्वरित राहत मिल सके। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों पर निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई करते हुए पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। साथ ही शिकायतों के निराकरण की सतत मॉनिटरिंग कर प्रकरणों के निष्पादन में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखी जाए। जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत, डिप्टी कलेक्टर श्री भरत कुमार, श्री उमेश अवस्थी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।