क्षेत्रीय
16-Jun-2026
...


इन्दौर (ईएमएस)। पुलिस द्वारा घटनास्थल पर ही महत्वपूर्ण साक्ष्यों का संकलन, परीक्षण और विश्लेषण करने के उद्देश्य से इन्दौर पुलिस कमिश्नरेट के चारों जोन के लिए अत्याधुनिक मोबाइल फोरेंसिक वैन उपलब्ध कराई गई हैं। पुलिस कमिश्नर इन्दौर संतोष कुमार सिंह ने कल इन हाईटेक मोबाइल फोरेंसिक वैन का निरीक्षण कर अधिकारियों को इनके अधिकतम और प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए। उन्होंने वैन में मौजूद आधुनिक उपकरणों और तकनीकी संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने कहा इन वैनों के माध्यम से घटनास्थल पर ही विशेषज्ञ सहायता उपलब्ध होगी, जिससे महत्वपूर्ण साक्ष्य नष्ट होने से बचेंगे और अपराधों की विवेचना मजबूत होगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्या, लूट, डकैती, आगजनी, विस्फोट और अन्य गंभीर अपराधों में घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में ये वैन बेहद उपयोगी साबित होंगी। इससे जांच की गुणवत्ता बेहतर होगी और अदालत में मजबूत साक्ष्य प्रस्तुत किए जा सकेंगे। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आरके सिंह सहित विभिन्न जोन के पुलिस अधिकारी और वैज्ञानिक अधिकारी भी मौजूद रहे। नेशनल फोरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी, गांधी नगर द्वारा डिजाइन की गई इन मोबाइल फोरेंसिक वैन में स्टीरियो माइक्रोस्कोप, डिजिटल वेइंग स्केल, डीएसएलआर कैमरा, मिनी रेफ्रिजरेटर, एलईडी स्क्रीन, थर्मल प्रिंटर और बॉडी-वियर कैमरों जैसे अत्याधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। वहीं इनमें अपराध स्थल सुरक्षा किट, रक्त एवं बाल पहचान किट, हाई-इंटेंसिटी फोरेंसिक लाइट, फुटप्रिंट और टायर मार्क कास्टिंग किट, आगजनी जांच किट, डीएनए सैंपल कलेक्शन किट, गनशॉट रेसिड्यू किट, नशीले पदार्थों की जांच किट और विस्फोटक डिटेक्शन किट जैसी विशेष जांच सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। - 16 जून 2026