क्षेत्रीय
16-Jun-2026
...


:: महापौर और निगमायुक्त ने संगम नगर जोन से किया तीन दिवसीय अभियान का शुभारंभ :: इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार विश्व पर्यावरण दिवस और अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में इंदौर नगर पालिक निगम द्वारा सभी 22 ज़ोनल कार्यालयों पर तीन दिवसीय जनकल्याण शिविरों की शुरुआत की गई है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने संगम नगर (ज़ोन क्र. 4) कार्यालय पर दीप प्रज्वलित कर इस अभियान का शुभारंभ किया। यह शिविर 18 जून तक चलेंगे, जहां नागरिकों को एक ही छत के नीचे 110 शासकीय योजनाओं व सेवाओं का लाभ, आवेदन, पंजीयन और दस्तावेज सत्यापन जैसी सुविधाएं मिलेंगी। शुभारंभ अवसर पर महापौर भार्गव ने कहा कि शासन की कल्याणकारी योजनाएं पात्र हितग्राहियों को सशक्त बनाने और उन्हें गरीबी रेखा से ऊपर लाने में बेहद सहायक हैं। वहीं, निगमायुक्त सिंघल ने शहर के नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ उठाएं। :: जोन कार्यालयों पर उमड़ी भीड़, अधिकारी रहे मौजूद :: शिविर के पहले दिन बड़ी संख्या में क्षेत्र के हितग्राही अपनी समस्याओं और आवेदनों के साथ पहुंचे। इस दौरान महापौर परिषद सदस्य अश्विनी शुक्ल, सचेतक कमल वाघेला, पार्षद पराग कौशल, शिवम यादव, महापौर प्रतिनिधि शैलू दवे, अपर आयुक्त नरेंद्र नाथ पांडे और जोनल अधिकारी आनंद रैदास सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। प्रशासन ने सुनिश्चित किया है कि शिविरों में आने वाले नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।