क्षेत्रीय
16-Jun-2026
...


सिरोंज में कृषि विज्ञान केंद्र को पुनः प्रारंभ किया जाए सिरोंज (ईएमएस) ।मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव विनोद सेन बयान जारी कर कहा है कि ग्राम बेरखेड़ी जेतू, तहसील विदिशा में कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) के भूमिपूजन के बीच सिरोंज क्षेत्र के किसानों के मन में कई सवाल खड़े हो रहे हैं। सिरोंज में वर्षों पुराना कृषि विज्ञान केंद्र स्थापित था, जो किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, प्रशिक्षण और वैज्ञानिक सलाह के माध्यम से लाभ पहुंचाता था। लेकिन स्थानीय स्तर पर यह आरोप लगातार लगाए जाते रहे हैं कि भाजपा के क्षेत्रीय विधायक की शिकायत और हस्तक्षेप के कारण सिरोंज का कृषि विज्ञान केंद्र बंद हो गया। यदि यह तथ्य सही है, तो यह निर्णय किसानों के हितों के विरुद्ध माना जाएगा। सबसे बड़ी विडंबना यह है कि जिस क्षेत्र में पहले से कृषि विज्ञान केंद्र की व्यवस्था उपलब्ध थी और जहां हजारों किसान उससे लाभान्वित हो रहे थे, उसी केंद्र को पुनः प्रारंभ करने के बजाय अब विदिशा क्षेत्र में नए केंद्र का भूमिपूजन किया जा रहा है। इससे सिरोंज के किसानों में उपेक्षा की भावना उत्पन्न होना स्वाभाविक है। किसानों का कहना है कि यदि सिरोंज का कृषि विज्ञान केंद्र किसी शिकायत के आधार पर बंद किया गया था, तो उसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए और यदि केंद्र को पुनः शुरू किया जा सकता है, तो तत्काल कदम उठाए जाने चाहिए। विकास का अर्थ किसी एक क्षेत्र को आगे बढ़ाना और दूसरे क्षेत्र को पीछे छोड़ देना नहीं होना चाहिए। यदि भाजपा के जनप्रतिनिधियों ने वास्तव में सिरोंज के कृषि विज्ञान केंद्र को बंद कराने में भूमिका निभाई है, तो उन्हें सार्वजनिक रूप से अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। किसानों के हित सर्वोपरि हैं और सिरोंज में स्थापित कृषि विज्ञान केंद्र को पुनः प्रारंभ करना ही इस क्षेत्र के साथ वास्तविक न्याय होगा।