जबलपुर, (ईएमएस)। लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने मंगलवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एडीएम कार्यालय लखनादौन में पदस्थ रीडर माधव प्रसाद तिवारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त पुलिस के अनुसार ग्राम गंगादाना निवासी किसान संतोष सिंह सिसोदिया की पैतृक भूमि से जुड़े एक प्रकरण की अपील एडीएम कार्यालय लखनादौन में लंबित थी। आरोप है कि प्रकरण में आवेदक के पक्ष में निर्णय कराने के लिए रीडर माधव प्रसाद तिवारी ने 30 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। बाद में सौदा 20 हजार रुपये में तय हुआ। आवेदक की शिकायत पर लोकायुक्त जबलपुर ने सत्यापन के बाद ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। मंगलवार को आरोपी रीडर को एडीएम कार्यालय सिवनी परिसर स्थित उपभोक्ता फोरम भवन के पोर्च में 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। ट्रैप दल में निरीक्षक उमा कुशवाह, निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया एवं लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही। - 16 जून 2026/ 06.00