क्षेत्रीय
16-Jun-2026
...


भोपाल (ईएमएस)। पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल द्वारा राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत रेलवे कर्मचारियों, पेंशनरों एवं उनके आश्रितों के स्वास्थ्य संरक्षण तथा जन-जागरूकता के उद्देश्य से विभिन्न स्टेशनों पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 16 जून 2026 को उपमंडल चिकित्सालय, पश्चिम मध्य रेलवे, इटारसी की मेडिकल टीम द्वारा बनापुरा रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 40 रेलवे लाभार्थियों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर उपस्थित मरीजों एवं अन्य लोगों को क्षय रोग (टीबी) के लक्षणों, बचाव, समय पर जांच एवं उपचार के महत्व के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई तथा रोग के प्रति जागरूक किया गया। इसके पूर्व 12 जून 2026 को उपमंडल चिकित्सालय, पश्चिम मध्य रेलवे, बीना की मेडिकल टीम द्वारा गंजबासौदा रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 53 रेलवे लाभार्थियों ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर के दौरान उपस्थित लोगों को विभिन्न रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने में नियमित व्यायाम की भूमिका के बारे में भी जागरूक किया गया। भोपाल मंडल का चिकित्सा विभाग कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के स्वास्थ्य संवर्धन के लिए निरंतर स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, चिकित्सा शिविर एवं परामर्श सेवाओं का आयोजन कर रहा है। ऐसे कार्यक्रम न केवल रोगों की समय पर पहचान एवं उपचार में सहायक हैं, बल्कि स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। - ईएमएस/16/06/2026