-यूसीसी विधेयक लाने की तैयारी, किसान और बेरोजगारी के मुद्दे पर घेरेगा विपक्ष भोपाल (ईएमएस) । मध्य प्रदेश की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है। प्रदेश में आगामी 20 जुलाई से विधानसबा का मानसून सत्र शुरू होने जा रहा है। विधानसभा सचिवालय ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। यह सत्र 24 जुलाई तक चलेगा, जिसमें महज 4 दिनों की अल्पावधि में कई महत्वपूर्ण विधेयकों और विधायी प्रस्तावों पर गहन मंथन किया जाएगा। इस चार दिवसीय संक्षिप्त सत्र के बेहद हंगामेदार रहने के आसार हैं। सूत्रों के मुताबिक राज्य सरकार इस मानसून सत्र के दौरान प्रदेश में यूसीसी यानि सामान नागरिक संहिता को लागू करने को लेकर एक बड़ा और महत्वपूर्ण विधेयक सदन के पटल पर रख सकती है। अगर ऐसा होता है तो यह सत्र राजनीतिक रूप से बेहद सरगर्मियों भरा साबित होगा। दूसरी ओर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने भी सरकार को चौतरफा घेरने के लिए अपनी रणनीति तैयार कर ली है। विपक्ष इस छोटे से सत्र में जनता से जुड़े गंभीर मुद्दों को उठाने के लिए पूरी तरह आक्रामक मूड में नजर आ रहा है। छोटे सत्र में बड़े फैसलों पर नजर विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी अधिसूचना के बाद पक्ष और विपक्ष दोनों ही अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गए हैं। सत्ता पक्ष जहां अहम विधेयकों को पारित कराने की कोशिश करेगा, वहीं विपक्ष जनहित के मुद्दों पर सरकार की घेराबंदी करने में कोई कसर नहीं छोडऩा चाहता।