हाथरस (ईएमएस)। थाना चंदपा क्षेत्र के गांव नगला मंस्या में बीती रात एक दर्दनाक हादसे में कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से 9 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार, गांव नगला मंस्या निवासी बनी सिंह की 9 वर्षीय पुत्री वैष्णवी घर के अंदर चल रहे कूलर के संपर्क में आ गई। बताया जा रहा है कि कूलर में विद्युत करंट प्रवाहित हो रहा था। कूलर को छूते ही वैष्णवी करंट की चपेट में आकर बेहोश हो गई।कुछ देर बाद परिजनों की नजर बच्ची पर पड़ी तो उसे तत्काल उपचार के लिए शहर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन उसे जिला अस्पताल भी लेकर पहुंचे, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।मासूम बच्ची की असमय मौत से परिवार में मातम छा गया है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। परिजन गहरे सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 16 जून 2026