राज्य
16-Jun-2026


हाथरस (ईएमएस)। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव बेरगांव में 25 वर्षीय गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से परिवार में शोक का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, गांव बेरगांव निवासी योगेश चंडीगढ़ में मजदूरी करता है। उसकी पत्नी शबीना मूल रूप से झारखंड की रहने वाली थी और पति के साथ चंडीगढ़ में रहती थी। करीब 15 दिन पहले दोनों अपने पैतृक गांव बेरगांव आए थे। परिजनों के मुताबिक, रविवार रात शबीना के पेट में अचानक तेज दर्द उठा। पहले उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के मायके पक्ष को भी सूचना दी गई, हालांकि फिलहाल उनके आने की जानकारी नहीं है।पुलिस का कहना है कि मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 16 जून 2026