राज्य
16-Jun-2026
...


भोपाल(ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अशोकनगर पुलिस को निर्देश दिए हैं कि दिगम्बर जैन मुनियों के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली मध्यप्रदेश पुलिस की पूर्व डीएसपी रेखा जैन और अन्य आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि धार्मिक संतों और व्यक्तित्वों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंगलवार को दिगम्बर जैन समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने विधायक अनिल जैन एवं वरिष्ठ पत्रकार रवीन्द्र जैन के नेतृत्व में मंत्रालय में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि पूर्व डीएसपी रेखा जैन तथा उनके कुछ सहयोगी पिछले कई वर्षों से पूज्य मुनिश्री सुधासागर जी महाराज के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां और पोस्ट करते रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार अशोकनगर जैन समाज की शिकायत पर पुलिस ने 3 जून को अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। जांच के दौरान रेखा जैन, समीर जैन और राहुल जैन के नाम सामने आए, जिसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपने ओएसडी एवं आईपीएस अधिकारी राजेश हिंगडकर को तत्काल निर्देश दिए कि अशोकनगर पुलिस अधीक्षक को मुख्यमंत्री की ओर से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा जाए। इसके बाद ओएसडी ने पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा से फोन पर चर्चा कर मुख्यमंत्री के निर्देशों की जानकारी दी। जैन समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप और त्वरित कार्रवाई के आश्वासन पर आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल में ललितपुर से अनिल जैन अंचल, राजेंद्र जैन लल्लू, संजीव जैन, प्रियंक जैन,सोनू, वैभव सिंघई सौरभ जैन आबू,सौरभ जैन पीलू,। इंदौर से राहुल जैन,प्रिंस जैन सागर से राजेश जैन एडिना, पर्युल जैन, अंकुश जैन अशोकनगर से विपिन जैन, राकेश जैन महामंत्री, विजय जैन, सौरभ जैन गोलू, प्रियंक जैन सोनू आदि शामिल थे। अंशुल जैन / 16 जून, 2026