भोपाल (ईएमएस)। मध्य प्रदेश विधानसभा की प्रत्यायुक्त विधान समिति की प्रथम परिचयात्मक बैठक आज विधानसभा भवन में समिति के सभापति माननीय रमेश मेंदोला के सभापतित्व में संपन्न हुई। बैठक में समिति के माननीय सदस्यगण सचिन बिरला, अनिल जैन (निवाड़ी), केशव देसाई एवं चौधरी सुजीत मेरसिंह ने सहभागिता की। बैठक के आरंभ में विधानसभा के अपर सचिव उमेश शर्मा द्वारा समिति के माननीय सभापति एवं सदस्यगणों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इसके उपरांत उन्होंने समिति की भूमिका, उसके कार्यक्षेत्र, कार्यप्रणाली तथा दायित्वों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। परिचयात्मक बैठक के दौरान समिति के कार्यों के प्रभावी संचालन एवं विधायी प्रक्रियाओं में उसकी महत्त्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा की गई। साथ ही समिति के सदस्यों को प्रत्यायुक्त विधान संबंधी विषयों, समिति की कार्यपद्धति तथा भावी कार्ययोजना से अवगत कराया गया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें समिति के प्रभावी एवं सुचारु संचालन के लिए आवश्यक बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। हरि प्रसाद पाल / 16 जून, 2026