ज़रा हटके
21-Mar-2025
...


90 साल की मां की इच्छा पूरी करने 66 साल के बुजुर्ग ने की 57 साल की महिला से शादी आगरा,(ईएमएस)। आगरा के वृद्धाश्रम में खुशी और उल्लास का माहौल था। शहनाई की आवाज सुनाई दी, बारात निकली और बुजुर्गों के चेहरे पर खुशी की चमक आ गई। यह सब हुआ, 66 साल के मुन्नालाल की शादी की वजह से जिन्होंने 57 साल की प्रमिला को अपनी जीवन साथी बनाया। जानकारी के मुताबिक मुन्नालाल के 90 साल की मां की आखिरी ख्वाहिश थी कि उनका बेटा शादी करे और घर में खुशियां आएं। मां के लिए यह दिन खास बन गया, जब मुन्नालाल ने प्रमिला से शादी रचाई। मां की आंखों में आंसू थे, लेकिन यह खुशी के थे। उन्होंने कहा कि आज मेरे जीवन का सबसे बड़ा दिन है, मेरी बहू घर आ गई। रामलाल वृद्धाश्रम में 321 से ज्यादा बुजुर्ग रहते हैं, लेकिन इस दिन सभी के चेहरों पर खिले हुए थे। बताया जा रहा है कि जालौन के रहने वाले मुन्नालाल अपने अकेले जीवन से परेशान होकर अपनी मां के साथ वृद्धाश्रम में रहने आ गए थे। मुन्नालाल ने कई बार अपनी मां से शादी के बारे में पूछा, लेकिन उन्होंने कभी शादी नहीं की। हालांकि, वृद्धाश्रम में रहने के बाद उन्हें एक नया परिवार मिल गया था, जहां उन्हें अपनापन महसूस होता था। वृद्धाश्रम में एक और महिला, प्रमिला भी थीं, जिनकी कहानी काफी दर्दनाक थी। प्रमिला का पति और दोनों बेटियों का पहले ही निधन हो चुका है और परिवार वालों ने उनकी संपत्ति छीनकर उन्हें घर से बाहर निकाल दिया। अपनों द्वारा तिरस्कृत प्रमिला ने वृद्धाश्रम में शरण ली। यहां उनकी मुलाकात मुन्नालाल की मां से हुई और धीरे-धीरे उनके बीच एक रिश्ते की शुरुआत हुई। प्रमिला ने अपनी मां की सेवा करना शुरू किया और दोनों का साथ बढ़ता गया। आगरा की एक संस्था ने इस शादी को विशेष बनाने के लिए व्यवस्था की। संस्था ने दूल्हा-दुल्हन के जोड़े से लेकर बारात और विवाह के सभी रस्मों का आयोजन किया। गुरुवार सुबह बारात निकली और विवाह की सारी परंपराएं पूरी हुई। आश्रम के अध्यक्ष ने दुल्हन प्रमिला के पिता के रूप में कन्यादान किया। सिराज/ईएमएस 21मार्च25