क्षेत्रीय
22-Apr-2025
...


यूपीएससी परीक्षा में पहले ही प्रयास में हांसिल की 202वीं रैंक अशोकनगर (ईएमएस)। यूपीएससी सिविल सर्विसेज 2024 के परिणाम में अशोकनगर के डंगोरा गांव के आशीष रघुवंशी ने मात्र 23 साल की उम्र में 202वीं रैंक हासिल की है। आशीष के पिता पुलिस विभाग में एएसआई के पद पर कार्यरत हैं। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग ग्वालियर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में है। आशीष की प्रारंभिक शिक्षा अशोकनगर के तारा सदन स्कूल में हुई। उन्होंने नर्सरी से 10वीं तक यहीं पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने गुना के बंदना कान्वेंट स्कूल से 12वीं की शिक्षा पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री हासिल की। 2022 से दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी शुरू की। शुरुआत में 6-7 घंटे अध्ययन करते थे। बाद में अध्ययन का समय बढ़ाकर 10-11 घंटे कर दिया। कड़ी मेहनत का परिणाम रहा कि पहले ही प्रयास में यूपीएससी में सफलता हासिल कर ली। आशीष रघुवंशी ने बताया की यूपीएससी का सिलेबस, बेसिक किताबें यही सब फॉलो किया। ज्यादा सूत्रों के पीछे नहीं गया। कम सोर्स को ही बार-बार रिवाइज किया। ऑनलाइन, नेट पर सब उपलब्ध है, आपको बस सर्च करना आना चाहिए, एआई की मदद भी ली। उन्होने बताया कि मुझे खुशी है कि अशोकनगर जिला या डंगोरा फूट गांव का नाम मेरे साथ जोड़ा जा रहा है। खुद की मेहनत के बाद, परमात्मा की कृपा और मम्मी-पापा की प्रार्थना से हुआ है। सबका अच्छा सपोर्ट रहा। माता-पिता ने भरोसा करके मुझे दिल्ली भेजा। मेरे मन में हमेशा यही रहता था कि मुझे भरोसे पर खरा उतरना है। माता-पिता को खुश देखना ही प्रेरणा थी। ईएमएस/ओमप्रकाश रघुवंशी/ 22 अप्रैल 2025