रायपुर (ईएमएस)। भारत सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में सुधार हेतु देश के समस्त विश्वविद्यालयों में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लागू की गई है। इसके तहत विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के दिशा निर्देशों के अनुरूप इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में छात्रों के मध्य शैक्षणिक संवाद और जागरूकता को प्रोत्साहित करने की दिशा में “राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 : भारत की शिक्षा प्रणाली के लिए एक परिवर्तनकारी दृष्टिकोण” विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन कृषि महाविद्यालय, रायपुर में किया गया। इस प्रतियोगिता में 50 से अधिक छात्रों ने भाग लिया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि वे NEP 2020 के प्रमुख विषयों और लक्ष्यों के प्रति गहरी समझ और जुड़ाव रखते हैं। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों में आलोचनात्मक चिंतन और राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर विचारशीलता को प्रोत्साहित करना था, जो समग्र और बहु-विषयी शिक्षा, समानता, लचीलापन और आजीवन शिक्षण को बढ़ावा देती है। इस निबंध लेखन प्रतियोगिता में कृषि महाविद्यालय, स्वामी विवेकानंद कृषि अभियांत्रिकी और प्रौद्योगिकी महाविद्यालय तथा खद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालय, रायपुर के विद्यार्थी शामिल हुए। विश्वविद्यालय में इस प्रतियोगिता का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल एवं विश्वविद्यालय के नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के नोडल अधिकारी डॉ. एस.बी. वेरुलकर के मार्गदर्शन में किया गया। निर्णायक मंडल ने प्रस्तुतियों का मूल्यांकन मौलिकता, विश्लेषण की गहराई, विचारों की स्पष्टता और विषय से प्रासंगिकता के आधार पर किया जिसमें बी.एससी. कृषि, द्वितीय वर्ष के छात्र श्री प्रतीक झा को प्रथम, पीएच.डी., अंतिम वर्ष (फ्रूट साइंस) की छात्रा सुश्री दीक्षा को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। वही तृतीय स्थान पर संयुक्त रूप से बी.एससी. कृषि, तृतीय वर्ष के छात्रा त्रिशिका वर्मा एवं बी.टेक. कृषि अभियांत्रिकी, द्वितीय वर्ष की छात्रा सुश्री लिपाक्षी प्रियदर्शिनी कालिया रहीं। विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित कृषि महाविद्यालय, रायपुर के अधिष्ठाता डॉ. जी. के. दास एवं नोडल अधिकारी डॉ. एस.बी. वेरुलकर ने विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता की ओर अग्रसर होने तथा इस प्रकार की बौद्धिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए आव्हान किया। उल्लेखनीय है कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2024-25 से राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लागू की गई है। विश्वविद्यालय में NEP सारथी के अंतर्गत आयोजित यह तीसरा सफल कार्यक्रम है, जो विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) द्वारा NEP 2020 के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान के हतह आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रामा मोहन सावू, समन्वयक, प्लेसमेंट सेल द्वारा किया गया। NEP सारथी के रूप में अनुष्का चौरसिया, अंशु मधारिया और दुर्गेश देवांगन ने समर्पण और समन्वय के साथ कार्यक्रम का नेतृत्व किया, जिससे यह आयोजन सफल और प्रभावशाली रहा। धर्मेन्द्र, 08 मई, 2025