13-May-2025
...


रायपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आत्मीय स्वागत किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री साय ने जशपुर जिले की समृद्ध संस्कृति और स्थानीय उत्पादों से परिचय कराने के लिए उन्हें ‘जशप्योर’ ब्रांड के विशेष खाद्य उत्पादों से सुसज्जित टोकरी भेंट की, जिसे केंद्रीय मंत्री ने बेहद सराहा। मुख्यमंत्री साय ने इस बारे में सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए लिखा, जशपुर की सांस्कृतिक विरासत और स्व सहायता समूहों की मेहनत से तैयार किए गए शुद्ध, स्वास्थ्यवर्धक एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पादों की टोकरी केंद्रीय मंत्री को भेंट की गई। यह टोकरी न केवल स्वाद बल्कि आदिवासी बहनों के समर्पण और आत्मनिर्भरता की मिसाल है। इस विशेष टोकरी में छींद कांसा की पारंपरिक बनावट के साथ डेकी, कुटा, जवां फूल चावल, ग्रीन टी गिफ्ट पैक, टाऊ पास्ता, टाऊ महुआ कुकीज, महुआ गोंद लड्डू, रागी-मखाना लड्डू, महुआ से बना च्यवनप्राश, शीरप, शहद और हर्बल चाय जैसे अनेक स्थानीय उत्पाद शामिल थे। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इन उत्पादों की जानकारी ली और आदिवासी महिलाओं की मेहनत और रचनात्मकता की खुलकर प्रशंसा की। मुख्यमंत्री साय ने यह भी कहा कि वोकल फॉर लोकल अभियान को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ सरकार आत्मनिर्भर भारत की दिशा में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का सतत प्रयास कर रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)13 मई 2025