क्षेत्रीय
17-May-2025
...


नरसिंहपुर (ईएमएस)। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता एवं भारतीय सेना के शौर्य को सलाम करने के लिए शनिवार को नरसिंहपुर नगर में विशाल पैदल तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस तिरंगा यात्रा में हजारों की तादाद में जनप्रतिनिधि, पूर्व सैनिक, खिलाड़ी, तिरंगा दल, युवा वर्ग, मातृशक्ति, नागरिक, बुजुर्ग और सभी धर्मो के धर्मगुरु इस तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया। इस अवसर पर तेंदूखेड़ा विधायक विश्वनाथ सिंह पटैल, पूर्व राज्य सभा सांसद कैलाश सोनी, पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटैल, नगरपालिका अध्यक्ष नरसिंहपुर नीरज दुबे, रामसनेही पाठक, पूर्व सैनिक लालसाहब जाट, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती संध्या कोठारी, सुनील कोठारी, नीलकमल जैन, देवेन्द्र पाठक, मनीष ठाकुर, बन्ने खॉ, अन्य जनप्रतिनिधिगण और गणमान्य नागरिक मौजूद थे। उत्साह व उमंग के साथ निकाली गई तिरंगा यात्रा नगर के सुभाष पार्क चौराहे से पैदल तिरंगा यात्रा शुरु हुई। यह तिरंगा यात्रा सुभाष पार्क से इतवारा बाजार, अष्टांग तिगड्डा, सांकल तिराहा, सुनका चौराहा, राम मंदिर, मेन रोड सिंहपुर चौराहा, हरेराम धर्मशाला के सामने से होते हुए वापस सुभाष पार्क में समाप्त हुई। इस यात्रा में हजारों की संख्या में एकत्र हुए लोगों ने हाथो में तिरंगा थामे हिंदुस्तान जिंदाबाद,भारत माता की जय, भारतीय सेना जिंदाबाद के नारे लगाए। साथ में देशभक्ति गीतों ने वातावरण में देश प्रेम के प्रति उत्साह व जोश को दुगुना कर दिया। ये विशाल तिरंगा यात्रा ऐसे ही वीर सपूतों व भारतीय सेना के शौर्य को सलाम करने के लिए निकाली गई है। जगह- जगह हुआ तिरंगा यात्रा का स्वागत नगर में निकाली गई इस विशाल तिरंगा यात्रा को देखने के लिए जहां नागरिकों का हुजूम उमड़ रहा था। उनके मन में देशभक्ति का प्रेम स्वत: आने पर इस यात्रा में शामिल हो रहे थे। वहीं दूसरी ओर नागरिकों ने फूल वर्षा करके, शीतल पेय और फल वितरित कर इस तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। शौर्य स्मारक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को किया नमन तिरंगा यात्रा के पूर्व सुभाष पार्क में स्थित शौर्य स्मारक में पुष्पचक्र और पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया। इसके बाद स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजगुरु, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, शहीद भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद और रामप्रसाद बिस्मिल को फूलमाला पहनाकर श्रद्धांजलि दी। पूर्व सैनिकों का हुआ सम्मान तिरंगा यात्रा के पश्चात सुभाष पार्क में पूर्व सैनिकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यहां तेंदूखेड़ा विधायक विश्वनाथ सिंह पटैल, पूर्व राज्य सभा सांसद कैलाश सोनी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति नीलेश काकोड़िया, पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटैल, नगरपालिका अध्यक्ष नरसिंहपुर नीरज दुबे व उपाध्यक्ष अजीत जाट, गोटेगांव नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती पूनम जितेन्द्र ठाकुर, रामसनेही पाठक और अन्य जनप्रतिनिधियों व गणमान्य नागरिकों ने पूर्व सैनिकों को फूलमाला और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने संयुक्त रूप से भारत माता की आरती की। इस तिरंगा यात्रा का उद्देश्य देश के वीर सैनिकों को सम्मान देना तथा देशभक्ति की भावना को सशक्त करना था। यह यात्रा उन वीर सैनिकों को समर्पित है जिन्होंने देश की रक्षा में अपना जीवन समर्पित किया।यह तिरंगा यात्रा राष्ट्रीय जन सुरक्षा मंच नरसिंहपुर के तत्वाधान में निकाली गई। ईएमएस, 17 मई, 2025,