-दिल्ली-एनसीआर में आंधी-तूफान और बारिश के बाद पारा गिरा नई दिल्ली,(ईएमएस)। दिल्ली-एनसीआर में आंधी-तूफान और बारिश के बाद तापमान में गिरावट आ गई है। राजधानी का अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अनुमान है, जिसके बाद अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। यूपी में मौसम बदल चुका है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया है। लखनऊ, सीतापुर, लखीमपुर खीरी समेत कई जिलों में गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में कमी आने की संभावना है। प्रदेश में 28 मई तक बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है। वहीं झांसी में सबसे ज्यादा 40.6 डिग्री और सबसे कम गोरखपुर में 28.4 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है। गोरखपुर में 19.6मिली तक बारिश दर्ज की गई है। शुक्रवार को मौसम बदला-बदला रह सकता है। इस दौरान पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। साथ ही दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं पर बादल गरजने व बिजली चमकने के साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। उत्तराखंड के ज्यादातर क्षेत्रों में शुक्रवार को हल्की बारिश और आकाशीय बिजली चमकने के साथ आंधी चलने का अलर्ट जारी किया गया है। पिथौरागढ़ और नैनीताल में भारी बारिश अलर्ट है। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में बादल मंडरा रहे हैं। ज्यादातर क्षेत्रों में बुधवार को हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है। पहाड़ों में बारिश होने से जहां गर्मी से राहत मिली है तो वहीं मैदानी क्षेत्रों में चिलचिलाती धूप खिलने की वजह से तपिश बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक नैनीताल और पिथौरागढ़ कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। उत्तरकाशी,चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर में आकाशीय बिजली चमकने, तीव्र बौछार पड़ने और अंधड़ चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। देहरादून में भी आंशिक बादल छाने के साथ हल्की बौछार पड़ सकती है। चारधाम और यात्रा मार्ग पर भी हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं गर्जन के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर शहर में करीब 6 दशक में पहली बार मई में सबसे ज्यादा 34.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान के मुताबिक श्रीनगर में गत 57 सालों बाद सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक मई में अब तक का सर्वाधिक तापमान 24 मई 1968 को 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि मई में यह अब तक का तीसरा सबसे ज्यादा तापमान है। अधिकारियों ने बताया कि 31 मई 1956 को श्रीनगर में 35 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। महाराष्ट्र में प्री मानसून के चलते जोरदार बारिश हो रही है। आईएमडी ने महाराष्ट्र के कई जिलों के लिए ‘रेड’ और ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ दिनों में इन हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। रायगढ़ और रत्नागिरी जिले में शुक्रवार को अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान जताते हुए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। जबकि इस अवधि में मुंबई, ठाणे, पालघर, सिंधुदुर्ग के अलावा पुणे और सतारा के घाटों के लिए भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ-साथ आंधी और तेज हवाओं के चलने का अनुमान जताते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। आईएमडी ने मुंबई में बारिश के लिए 23 और 24 मई को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसमें भारी से बहुत भारी बारिश, गरज के साथ बौछारें पड़ने और अलग-अलग स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। दक्षिण कोंकण और गोवा के तट से दूर पूर्व-मध्य अरब सागर पर एक कम दबाव प्रणाली का बनना बताया है। आईएमडी ने अनुमान जताया है कि इसके और तीव्र होने और कोंकण एवं महाराष्ट्र के अन्य भागों में तेज बारिश होने की आशंका है। सिराज/ईएमएस 23मई25