राज्य
24-May-2025


- मुंबई में 1 जून तक मानसून आने की संभावना मुंबई, (ईएमएस)। महाराष्ट्र में अभी प्री मानसून का दौर चल रहा है, लेकिन दक्षिण-पश्चिम मानसून भी जल्द ही आने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने जानकारी दी है कि केरल में अगले 48 घंटों के भीतर मानसून के आगमन के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। इसलिए, यह अनुमान लगाया जा रहा है कि मानसून 25 मई तक भारत में आएगा और मुंबई में 1 जून तक मानसून आने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण कोंकण और गोवा से सटे मध्य और पूर्वी अरब सागर पर एक कम दबाव का क्षेत्र बना है, जो फिलहाल स्थिर है। इसके प्रभाव से कोंकण (मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी), मध्य महाराष्ट्र (पुणे, सतारा, सोलापुर), मराठवाड़ा (बीड, परभणी, नांदेड़) और विदर्भ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है। वहीं महाराष्ट्र के कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ में अगले तीन से चार दिनों तक बारिश होने की संभावना है। रायगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां अत्यधिक भारी से लेकर बहुत भारी बारिश का अनुमान है। स्वेता/संतोष झा- २४ मई/२०२५/ईएमएस