नागपुर, (ईएमएस)। अरबों रूपये से बना समृद्धि हाईवे पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार रात करीब 8 बजे वाशिम जिले के समृद्धि हाईवे पर भीषण हादसा हुआ, जिसमें नागपुर के एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक नागपुर जिले के उमरेड के निवासी हैं। ये सभी पुणे से नागपुर लौट रहे थे। मृतकों की पहचान वैदही जायसवाल (25), माधुरी जायसवाल (52), राधेश्याम जायसवाल (67) और संगीता जायसवाल (55) के रूप में हुई है। कार का ड्राइवर चेतन हेलगे (25) गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज चल रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक जायसवाल परिवार एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने पुणे गया था। गुरुवार रात करीब 8 बजे जब वे अपनी कार से नागपुर लौट रहे थे, तभी वाशिम जिले में उनके ड्राइवर ने कार से नियंत्रण खो दिया। परिणामस्वरूप कार अनियंत्रित होकर हाईवे से जा टकराई। राधेश्याम जैसवाल समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही वाशिम पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल संगीता जैसवाल और ड्राइवर चेतन हेलगे को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन इलाज के दौरान संगीता जैसवाल की मौत हो गई। फिलहाल डॉक्टरों ने बताया कि ड्राइवर चेतन हेलगे की हालत गंभीर है। इस बीच, पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। शुरुआती संभावना यही है कि कार की तेज रफ्तार के कारण ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। साथ ही, यह भी संदेह है कि ड्राइवर को झपकी आ गई होगी। बहरहाल समृद्धि हाईवे पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने एक बार फिर यात्रियों की सुरक्षा का मुद्दा उठा दिया है। विशेषज्ञों का कहना है कि प्रशासन और ड्राइवरों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन, वाहनों की नियमित जांच और ड्राइवरों को आराम देने जैसी बातों पर ध्यान देने की जरूरत है। संतोष झा- ०४ जुलाई/२०२५/ईएमएस