कांग्रेस करेगी केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध रायपुर(ईएमएस)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में जानकारी दी कि कांग्रेस पार्टी 7 जुलाई को राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में ‘किसान, जवान, संविधान’ विषय पर एक विशाल जनसभा का आयोजन करने जा रही है। इस ऐतिहासिक सभा को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल संबोधित करेंगे। दीपक बैज ने कहा कि इस जनसभा का मुख्य उद्देश्य किसानों, जवानों और देश के संविधान पर हो रहे हमलों के खिलाफ जनमत तैयार करना है। उन्होंने कहा, “देश में केंद्र सरकार लगातार संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता पर हमला कर रही है, किसानों की समस्याओं की अनदेखी हो रही है, और जवानों के सम्मान पर राजनीति की जा रही है। इस सभा में 25 हजार से अधिक लोग प्रदेशभर से शामिल होंगे।” जनसभा के प्रमुख मुद्दे: संविधान और संवैधानिक संस्थाओं पर हमले: केंद्र सरकार पर आरोप है कि वह लोकतंत्र के मूल स्तंभों को कमजोर कर रही है। किसानों की बदहाली: प्रदेश में डीएपी, खाद-बीज की भारी कमी है, जिससे किसान परेशान हैं। बढ़ते अपराध और महिला सुरक्षा: राज्य में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों को लेकर कांग्रेस ने सरकार को घेरा। नक्सलवाद के नाम पर आदिवासियों पर अत्याचार: निर्दोष आदिवासियों को नक्सली करार देकर प्रताड़ित किया जा रहा है। बिजली संकट: अघोषित बिजली कटौती से जनता त्रस्त है। खनिज संपदा की लूट: बस्तर में लौह अयस्क की खदानों को निजी हाथों में सौंपने का विरोध और नगरनार संयंत्र के विनिवेश का मुद्दा। जंगलों की कटाई: कोल खनन के नाम पर हसदेव व तमनार के जंगलों का विनाश। शिक्षा व्यवस्था पर हमला: युक्तियुक्तकरण के नाम पर 10,463 स्कूलों को बंद करना, 45 हजार से अधिक शिक्षकों व कर्मचारियों के पद खत्म करने का विरोध। अवैध शराब और स्कूल बंदी: प्रदेश में स्कूल बंद कर शराब दुकानें खोली जा रही हैं, जिससे युवा पीढ़ी पर बुरा असर पड़ रहा है। दीपक बैज ने कहा कि रायपुर में होने वाली यह सभा वंचितों, किसानों और युवाओं की आवाज बनेगी। कांग्रेस के कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में जनसंपर्क कर लोगों को सभा में आमंत्रित कर रहे हैं। “यह सभा जनसहयोग से ऐतिहासिक बनेगी। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के प्रभारी सचिव एस. सम्पत, जरिता लैतफलांग, विजय जांगिड़, वरिष्ठ नेता सत्यनारायण शर्मा, पूर्व अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, संचार विभाग प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, सुरेन्द्र शर्मा, धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र वर्मा, सत्य प्रकाश और अजय गंगवानी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)05 जुलाई 2025