इन्दौर (ईएमएस) मध्य पूर्व में इज़राइल और ईरान के बीच छिड़ी भीषण जंग के बीच फंसे भारतीयों की वतन वापसी शुरू हो गई है। इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला, पूर्व विधायक विशाल पटेल और शहर के कई प्रमुख उद्योगपति आज सुरक्षित भारत लौट आए हैं। यात्रियों का यह दल दुबई से मुंबई पहुँचा है, जहाँ से वे इंदौर के लिए रवाना होंगे। बता दें कि इज़राइल-ईरान संघर्ष के कारण खाड़ी देशों के हवाई क्षेत्र (Airspace) बंद होने से पिछले कुछ दिनों से उड़ानें पूरी तरह ठप थीं। जिसके चलते ये लोग वहां से वापसी नहीं कर पा रहे थे। हालांकि, 2 मार्च की शाम से दुबई और अबू धाबी एयरपोर्ट से कुछ चुनिंदा उड़ानें शुरू की गई हैं। इसी का लाभ उठाते हुए संजय शुक्ला और अन्य यात्री दुबई-मुंबई फ्लाइट के जरिए स्वदेश लौटे। ज्ञात हो कि संजय शुक्ला ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर वहां के तनावपूर्ण हालातों की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि दुबई में धमाकों का धुआं और सायरन की आवाजें साफ सुनी जा सकती थीं, जिससे यात्रियों में भारी दहशत थी। भारत लौटने के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ-साथ कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने यात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए निरंतर समन्वय किया। हालांकि मध्य प्रदेश के लगभग 700 से अधिक लोग अभी भी यूएई के अलग-अलग हिस्सों में फंसे बताए जा रहे हैं। आनंद पुरोहित/ 03 मार्च 2026