मुंबई, (ईएमएस)। पिछले हफ्ते मुंबई से सटे ठाणे में एक शख्स द्वारा 5 से 6 नाबालिग लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई थी वहीं अब मुंबई के गोरेगांव में दिंडोशी के संतोष नगर इलाके में एक 44 वर्षीय आरोपी द्वारा 5 से 6 नाबालिग लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। शिकायत में मिलते ही दिंडोशी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी ट्यूशन क्लास चलाता था और घर पर डेकेयर सेंटर भी चलाता था। कई छोटे बच्चे डेकेयर और ट्यूशन के लिए आरोपी के घर आते थे। आरोपी के घर के बगल में रहने वाली 7 साल की बच्ची जब ट्यूशन के लिए आरोपी के घर आई तो आरोपी बच्ची को बेडरूम में ले गया। इसके बाद उसने लड़की को अपने मोबाइल फोन पर गेम खेलने के लिए मजबूर कर उसके साथ छेड़छाड़ की। इस घटना के प्रकाश में आते ही दिंडोशी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया। दिंडोशी पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद जांच में पता चला कि उसने अब तक 5 से 6 बच्चियों के साथ इसी तरह से छेड़छाड़ की है। आरोपी को दिंडोशी पुलिस ने बोरीवली अदालत में पेश किया और अदालत ने उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। बहरहाल आरोपी ने और कितनी लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की है? इसकी जाँच पुलिस कर रही है। संजय/संतोष झा- १७ जुलाई/२०२५/ईएमएस