राष्ट्रीय
17-Jul-2025


- ग्रामीणों ने तिरंगा लहराकर बस का स्वागत किया गढ़चिरौली (ईएमएस)। गढ़चिरौली, महाराष्ट्र कभी नक्सल प्रभावित रहे गढ़चिरौली जिले के सुदूर मरकनार गांव में आजादी के बाद पहली बार सरकारी बस सेवा शुरू हुई है। जैसे ही पहली बस गांव पहुंची, ग्रामीणों ने तिरंगा लहराकर उसका स्वागत किया। मरकनार गांव भामरागढ़ उपखंड के अबूझमाड़ क्षेत्र की तलहटी में स्थित है, जो पहले नक्सलियों का गढ़ माना जाता था। खराब कनेक्टिविटी के चलते यह इलाका अब तक मुख्यधारा से कटा हुआ था। गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल की पहल पर राज्य परिवहन की यह सेवा शुरू की गई है। नई बस सेवा से मरकनार के साथ-साथ मुरुंभुशी, फुलनार, कोपरशी, पोयारकोठी और गुंडुरवाही जैसे गांवों के करीब 1,200 निवासी लाभान्वित होंगे। इससे खासतौर पर छात्रों, मरीजों और अन्य यात्रियों को राहत मिलेगी। गढ़चिरौली पुलिस ने हाल के वर्षों में दूरदराज इलाकों में सड़कों और पुलों का तेजी से निर्माण किया है। बीते पांच वर्षों में जिले में 420.95 किलोमीटर लंबी 20 सड़कों और 60 पुलों का निर्माण पुलिस संरक्षण में किया गया है। इसके अलावा जनवरी 2025 को गट्टा-गरदेवड़ा-वांगेतुरी मार्ग और अप्रैल 2025 को कटेझर से गढ़चिरौली तक बस सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने 2026 तक नक्सलवाद के पूर्ण उन्मूलन का लक्ष्य तय किया है। इस दिशा में यह परिवहन सेवा एक बड़ा कदम मानी जा रही है, जो विकास और विश्वास की नई राह खोल रही है। सतीश मोरे/17जुलाई ---