- इंडिया ट्रेड फेयर में भारत से करीब 150 बड़े कपड़ा निर्यातक शामिल हुए टोक्यो (ईएमएस)। केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह इन दिनों जापान की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं। उन्होंने टोक्यो में हाल ही में 16वें इंडिया ट्रेड फेयर का उद्घाटन किया। इस आयोजन का उद्देश्य भारत और जापान के बीच कपड़ा व्यापार को मजबूती देना है। फेयर में भारत से करीब 150 बड़े कपड़ा निर्यातक शामिल हुए हैं। मंत्री गिरिराज सिंह ने जापान की बड़ी कंपनियों के अधिकारियों से मुलाकात कर भारत में निवेश का प्रस्ताव रखा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वैश्विक लोकप्रियता और भारत की मजबूत आर्थिक स्थिति के चलते विदेशी कंपनियां भारत में निवेश के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान से चौथे स्थान पर पहुंच गई है। हमारे पास 700 बिलियन डॉलर से अधिक का एफडीआई और 850 बिलियन डॉलर से अधिक का निर्यात है। गिरिराज सिंह ने भारत की बुनियादी सुविधाओं, जैसे मजबूत सड़क, जल और वायु मार्गों की कनेक्टिविटी और सस्ते इंटरनेट को भारत की प्रमुख ताकत बताया। साथ ही यह भी कहा कि भारत के पास दुनिया की सबसे बड़ी कार्यशील जनसंख्या है, जो निवेशकों के लिए बड़ा अवसर है। इंडिया ट्रेड फेयर को भारतीय कपड़ा निर्यातकों के लिए जापानी खरीदारों से सीधे जुड़ने का एक महत्वपूर्ण मंच माना जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि इस पहल से दोनों देशों के बीच कपड़ा व्यापार में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। सतीश मोरे/17जुलाई ---