राष्ट्रीय
17-Jul-2025


-भारत में दक्षिण अफ्रीका के राजदूत देंगे व्याख्यान -महात्मा गांधी और नेल्सन मंडेला की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक – विजय गोयल -गांधी के विचारों ने मंडेला को किया प्रभावित-गोयल नई दिल्ली (ईएमएस)। नेल्सन मंडेला की जयंती के अवसर पर तीस जनवरी मार्ग स्थित गांधी स्मृति में 18 जुलाई 2025 को अपराह्न 4:30 बजे “वैश्विक परिप्रेक्ष्य में गांधी-मंडेला की विरासत” विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर भारत में दक्षिण अफ्रीका के राजदूत प्रो. अनिल सूकलाल मुख्य वक्ता होंगे। दक्षिण अफ्रीका में भारत के पूर्व उच्चायुक्त वीरेंद्र गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता गांधी स्मृति के उपाध्यक्ष विजय गोयल करेंगे। इस सम्बन्ध में जानकारी देते हुए विजय गोयल ने कहा कि महात्मा गांधी और नेल्सन मंडेला की शिक्षाएं आज के समय में भी अत्यंत प्रासंगिक हैं। गांधी के रास्ते पर चलते हुए उन्होंने उम्र भर संघर्ष किया और अफ्रीका के राष्ट्रपति बनकर सफलतापूर्वक इस संघर्ष को पूर्ण किया. गोयल ने बताया कि गांधी स्मृति समय-समय पर व्याख्यान आयोजित करता है। उसी श्रंखला में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच ऐतिहासिक संबंध गांधी और मंडेला की साझा दृष्टि पर आधारित हैं। यह व्याख्यान उनके संदेश को युवाओं तक ले जाने में सहायक होगा. गोयल ने बताया कि इस व्याख्यान में यह भी बताया जाएगा कि कैसे गांधीजी के सत्याग्रह के सिद्धांत ने मंडेला की आजीवन रंगभेद के विरुद्ध लड़ाई को प्रेरित किया और कैसे उनकी विरासत आज भी मानवाधिकारों और लोकतंत्र पर वैश्विक विमर्श को आकार दे रही है।