राष्ट्रीय
17-Jul-2025


नई दिल्ली (ईएमएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी ) के वरिष्ठ अधिकारी रहे आईआरएस अधिकारी कपिल राज ने भारतीय राजस्व सेवा से इस्तीफ़ा दे दिया है। सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार ने उनका त्यागपत्र स्वीकार कर लिया है। कपिल राज हाल ही में जीएसटी इंटेलिजेंस मुख्यालय में अतिरिक्त निदेशक के रूप में कार्यरत थे। कपिल राज 2009 बैच के भारतीय राजस्व सेवा अधिकारी हैं। उन्होंने ईडी में रहते हुए कई अहम कार्रवाइयां की हैं। उनके सबसे चर्चित मामलों में से एक दिल्ली के (पूर्व) मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी रही। केजरीवाल को मार्च 2024 में दिल्ली शराब नीति घोटाले में गिरफ्तार किया गया था। यह भारत में पहली बार था, जब किसी सिटिंग मुख्यमंत्री को ईडी ने गिरफ़्तार किया हो। कपिल राज ने इसके अलावा जनवरी 2024 में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भूमि घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ़्तार किया था। कपिल राज ने रांची जोन के हाई इंटेंसिटी यूनिट का नेतृत्व करते हुए भ्रष्टाचार के कई बड़े मामलों में कार्रवाई की। इनमें अवैध खनन, ज़मीन हस्तांतरण घोटाले और कैश फॉर एमएलए जैसे मामले प्रमुख थे। सुबोध\१७\०७\२०२५