राष्ट्रीय
21-Jul-2025


भुवनेश्वर,(ईएमएस)। भुवनेश्वर की मंचेश्वर पुलिस ने ओडिशा में कांग्रेस पार्टी के छात्र संगठन के अध्यक्ष उदित प्रधान को एक 19 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा के साथ कथित तौर पर बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किया है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि यह घटना 18 मार्च, 2025 को हुई थी। वह अपने दो दोस्तों के साथ मास्टर कैंटीन में उदित प्रधान से मिली थी। इसके बाद, वे सभी उदित के वाहन से नयापल्ली के एक होटल गए, जहाँ कुछ अन्य लोग शराब पी रहे थे। पीड़िता ने शराब पीने से मना कर दिया, जिसके बाद उदित ने एक सॉफ्ट ड्रिंक की पेशकश की, जिसमें कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिला हुआ था। ड्रिंक पीने के बाद पीड़िता को चक्कर आने लगे और उसने घर जाने की इच्छा जाहिर की। हालाँकि, उदित और अन्य लोगों ने जाने से रोक दिया। इसके बाद वह बेहोश हो गई और जब होश आया, तब एहसास हुआ कि उदित ने कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर उदित प्रधान को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। उदित की गिरफ्तारी के बाद, उनके समर्थक, जिसमें उनके परिवार के सदस्य और छात्रा कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल थे, मंचेश्वर पुलिस थाने के बाहर जमा हो गए। हालांकि, पुलिस ने किसी को भी थाने के अंदर नहीं आने दिया। पुलिस ने बताया कि उदित को सोमवार अदालत में पेश किया जाएगा। आशीष दुबे / 21 जुलाई 2025