6 जंग को रोकने का दावा किया वाशिंगटन(ईएमएस)। पाकिस्तान और इजराइल के बाद अब अमेरिका के व्हाइट हाउस ने भी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को नोबेल शांति पुरस्कार देने की मांग की है। व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलाइन लेविट ने कहा कि ट्रम्प ने 6 वैश्विक संघर्षों को खत्म किया है, इसलिए उन्हें नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए। लेविट ने दावा किया कि ट्रम्प ने अपने 6 महीने के कार्यकाल में हर महीने एक शांति समझौता किया, जिसमें इजराइल-ईरान, भारत-पाकिस्तान, थाईलैंड-कंबोडिया, रवांडा-डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो, सर्बिया-कोसावो और मिस्र-इथियोपिया के बीच संघर्ष शामिल हैं। ट्रम्प ने मई में भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्षविराम का दावा किया था, जब भारत ने पाकिस्तान के आतंकी ढांचे के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। हालांकि, भारत ने ट्रम्प के इस दावे को खारिज कर दिया। ट्रम्प ने पिछले महीने भी कहा था कि उन्होंने कई संघर्षों को सुलझाने के लिए नोबेल शांति पुरस्कार के हकदार हैं। विनोद उपाध्याय / 01 अगस्त, 2025