-देवाशीष त्रिपाठी से ली जिम्मेदारी; रेलवे बोर्ड से आए भोपाल भोपाल (ईएमएस) पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल को नया डीआरएम मिल गया है। सोमवार को वरिष्ठ रेल अधिकारी पंकज त्यागी ने मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने यह जिम्मेदारी देवाशीष त्रिपाठी से ली। रेल मंत्रालय में कार्यकारी निदेशक (भूमि एवं अनुज्ञा) के पद पर कार्य कर रहे पंकज त्यागी अब भोपाल मंडल की कमान संभालेंगे। वे 1997 बैच के आईआरएसई (इंडियन रेलवे सर्विस ऑफ इंजीनियर्स) अधिकारी हैं और रेलवे की तकनीकी, परियोजना और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में दो दशकों से अधिक का अनुभव रखते हैं। मुगलसराय से शुरू हुआ सफर पंकज त्यागी ने अपने करियर की शुरुआत पूर्व रेलवे के मुगलसराय मंडल में सहायक अभियंता (निर्माण) के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने फिरोजपुर मंडल में वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय), रेलवे बोर्ड में निदेशक (सिविल इंजीनियरिंग योजना) और मुख्य परियोजना प्रबंधक (एनसीआरटीसी) मेरठ जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। भारत की पहली रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) परियोजना दिल्ली से मेरठ के बीच के मार्ग निर्धारण, योजना और क्रियान्वयन में पंकज त्यागी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विदेश में प्रशिक्षण से मिला अंतरराष्ट्रीय विजन पंकज त्यागी ने सिविल इंजीनियरिंग में डिग्री प्राप्त की है और उन्हें सिंगापुर, मलेशिया, नॉर्वे और यूके में विशेष तकनीकी और प्रबंधन प्रशिक्षण प्राप्त हुआ है। सुरंग निर्माण में उनका विशेषज्ञ अनुभव रेलवे की आने वाली परियोजनाओं में उपयोगी साबित हो सकता है। भोपाल मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पंकज त्यागी के आगमन पर स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं।