-ध्वजारोहण के बाद भारतीय-अमेरिकी संगठनों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिका के वॉशिंगटन राज्य के सिएटल शहर में भारत का तिरंगा ऐतिहासिक स्पेस नीडल की चोटी पर फहराया गया। यह आयोजन भारत की 79वीं स्वतंत्रता दिवस वर्षगांठ के उपलक्ष्य में किया गया। इस अनोखे क्षण ने न सिर्फ सिएटल के आसमान को रोशन कर दिया बल्कि भारत और अमेरिका के बीच गहरी होती दोस्ती और भारतीय प्रवासी समुदाय की बढ़ती ताकत को भी उजागर किया है। इस ध्वजारोहण समारोह में सिएटल स्थित भारत के वाणिज्य दूतावास के काउंसल जनरल विशेष अतिथि के रूप में मौजूद थे। उनके साथ सिएटल के मेयर ब्रूस हैरेल और शहर के कई अन्य वरिष्ठ अफसर व विशिष्ट अतिथि भी इस समारोह का हिस्सा बने। जैसे ही भारतीय तिरंगा स्पेस नीडल की ऊंचाई पर लहराया, वहां मौजूद भारतीय-अमेरिकी समुदाय और अन्य दर्शक भारत माता की जय और जय हिंद के नारों से गूंज उठा। ध्वजारोहण के बाद भारतीय-अमेरिकी संगठनों ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। इसमें पारंपरिक भारतीय नृत्य, संगीत और रंगारंग कार्यक्रम शामिल थे। स्थानीय समुदाय ने भारतीय व्यंजनों और हस्तशिल्प के जरिए से भी अपनी सांस्कृतिक जड़ों को प्रदर्शित किया। बच्चों से लेकर बुज़ुर्गों तक हर किसी ने इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक स्पेस नीडल जिसे सिएटल का सबसे प्रतिष्ठित प्रतीक माना जाता है, उस पर भारत का तिरंगा फहरना एक ऐतिहासिक क्षण रहा। विशेषज्ञों का मानना है कि यह आयोजन न केवल भारतीय समुदाय की उपलब्धियों और योगदान का प्रतीक है, बल्कि भारत और अमेरिका के बीच बढ़ते राजनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को भी नई ऊंचाई देता है। मेयर ब्रूस हैरेल ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय-अमेरिकी समुदाय सिएटल के विकास और सांस्कृतिक विविधता में अहम भूमिका निभाता है। आज का यह आयोजन दोनों देशों की मित्रता और साझा मूल्यों को और मज़बूत करता है। भारत की स्वतंत्रता दिवस वर्षगांठ पर तिरंगे को स्पेस नीडल जैसी विश्व प्रसिद्ध इमारत पर लहराते देखना भारतीय समुदाय के लिए गर्व की बात है। बहुत से लोगों ने इसे ऐतिहासिक बताया और कहा कि यह पल आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा। सिराज/ईएमएस 16अगस्त25