इंदौर (ईएमएस)। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने 130वें संविधान संशोधन विधेयक को एक प्रगतिशील कानून बताते हुए, इसका विरोध करने के लिए विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल किया कि क्या विपक्ष भ्रष्टाचार के पक्ष में है। हाल ही में, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में तीन विधेयक पेश किए हैं, जिनका उद्देश्य गंभीर आपराधिक मामलों में गिरफ्तार होने वाले प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों को 30 दिनों तक जेल में रहने पर उनके पद से हटाना है। विपक्ष इन विधेयकों का कड़ा विरोध कर रहा है। कानून का बचाव करते हुए मेघवाल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का उदाहरण दिया और कहा कि उन्होंने जेल में रहते हुए भी मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं दिया था। उन्होंने पत्रकारों से कहा, यह एक उत्कृष्ट और प्रगतिशील कानून है। विपक्ष को इसका समर्थन करना चाहिए, लेकिन वे विरोध कर रहे हैं। इसका मतलब क्या विपक्ष भ्रष्टाचार के पक्ष में है? केंद्रीय मेघवाल ने इंदौर दौरे के दौरान दिव्य पितृ पर्वत स्थित हनुमानजी की पूजा-अर्चना की। उन्होंने हनुमानजी से सभी के कल्याण और मंगल की कामना की। इसके बाद, मेघवाल ने इंदौर में आयोजित एक वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वृक्ष धरती मां के आभूषण हैं, और हमें अपनी मां के नाम पर एक पौधा लगाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया, जिसके दौरान भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य से देश का सम्मान बढ़ा, जिसकी संसद के मानसून सत्र में विस्तार से चर्चा हुई थी। प्रकाश/23 अगस्त 2025