क्षेत्रीय
24-Aug-2025
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) । भाजपा महिला मोर्चा ग्वालियर महानगर द्वारा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया के नेतृत्व में रविवार को लाड़ली बहना के सम्मान में महाराज बाडा पर भाजपा कांग्रेस का पुतला दहन किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री राजौरिया ने कहा कि कांग्रेस नेता यशवंत गुर्जर द्वारा लाड़ली बहना को बोरे में भर देंगे जैसा अमानवीय बयान सहन नही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता ने ऐसा बयान देकर प्रदेश की लाड़ली बहनों का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र एवं मध्य प्रदेश सरकार लाड़ली बहनों को सम्मान दे रही है, जबकि कांग्रेस नेता उन्हें नीचा दिखा रहे हैं। यह बयान न केवल महिलाओं का अपमान है, बल्कि कांग्रेस की मानसिकता को भी दर्शाता है। उन्होंने कांग्रेस से माफी की मांग की है। इस अवसर पर महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती नीलिमा शिंदे ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा राजगढ़ में कांग्रेस के नेता ने जो हमारी नारी शक्ति लाडली बहनों को बोरी में भरने की अभद्र टिप्पणी की गई इसलिए लाडली बहनों के सम्मान में कांग्रेस का पुतला दहन किया गया। कांग्रेस नेता हमेशा से लाडली बहनों पर अभद्र टिप्पणी करते आए हैं।उन्होंने कहा कि महिलाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर जिला महामंत्री विनोद शर्मा, खुशबू गुप्ता, करुणा सक्सेना, ममता भीलवर, मधुलिका, ऊषा चौहान सभी मंडल अध्यक्ष बहने और बहुत सारी लाडली बहने उपस्थित रही।