क्षेत्रीय
01-Sep-2025
...


गरियाबंद(ईएमएस)। कलेक्टर भगवान सिंह उईके ने देर से दफ्तर आने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ा संदेश दिया है। सोमवार को उन्होंने कलेक्टोरेट का मुख्य गेट समय पर बंद करवा दिया और कहा कि यह कदम समय पालन सुनिश्चित करने और लेटलतीफ अफसरों को सबक सिखाने के लिए उठाया गया है। कलेक्टर उईके स्वयं समय के पाबंद माने जाते हैं और रोजाना सुबह 10 से 10:30 बजे के बीच कार्यालय पहुंचते हैं। इसके बावजूद कई विभागों के अधिकारी और कर्मचारी नियमित रूप से देर से पहुंच रहे थे। इससे पहले भी कलेक्टर ने औचक निरीक्षण कर लेटलतीफ अधिकारियों को नोटिस थमाए थे, लेकिन सुधार नहीं दिखा। सोमवार को जब कई अधिकारी और कर्मचारी समय पर नहीं पहुंचे, तो कलेक्टर ने ठीक 10:30 बजे कलेक्टोरेट का गेट बंद करा दिया और स्वयं स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर ने साफ कहा कि यह अंतिम चेतावनी है। यदि भविष्य में भी समय का पालन नहीं किया गया, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)01 सितंबर 2025