सेंसेक्स 410, निफ्टी 135 अंक ऊपर आया मुंबई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार बुधवार को तेजी के साथ बंद हुआ। सप्ताह के तीसरे ही कारोबारी दिन एशियाई बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के बीच ही लिवाली (खरीदारी) बढ़ने से बाजार बढ़त पर बंद हुआ। दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 409.83 अंक की तेजी के साथ ही 80,567.71 और 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 135.45 अंक बढ़कर 24,715.05 पर बंद हुआ हालांकि आज कारोबार के दौरान लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में बिकवाली रही। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 368.10 अंक की तेजी के साथ 57,345.50 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 157.15 अंक की मजबूती के साथ 17,748.45 पर था। सेक्टोरल आधार पर मेटल, पीएसयू बैंक, फार्मा, कमोडिटीज और ऑटो शेयर लाभ के साथ ही बढ़त पर बंद हुए। केवल आईटी और मीडिया शेयरों में ही गिरावट दर्ज की गयी। सेंसेक्स के शेयरों की बात करें तो टाटा स्टील, टाइटन, एमएंडएम, आईटीसी, इटरनल, टाटा मोटर्स, ट्रेंट, एसबीआई, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, सन फार्मा, एशियन पेंट्स और बजाज फिनसर्व के शेयर लाभ में रहे। इन्फोसिस, एनटीपीसी, एचयूएल, टीसीएस, भारती एयरटेल, एक्सिस बैंक और टेक महिंद्रा के शेयर लाभ में रहे। बाजार में बढ़त के पीछे जीएसटी स्लैब को संभावित रूप से तर्कसंगत बनाने की संभावना भी है। उससे भी बाजार में उत्साह का माहौल है। जीएसटी परिषद की बैठक आज से शुरू हो गई है और शुक्रवार को इसके फैसलों की घोषणा होगी। इसमें दरों में कमी की संभवना है। इससे पहले आज सुबह भारतीय शेयर बाजारों की शुरुआत अच्छी रही पर जल्द ही बाजार नीचे आ गया। सेंसेक्स 100 अंकों की बढ़त के साथ 80,295.99 पर खुला पर थोड़ी ही देर में यह 32.41 अंक नीचे आकर 80,190.29 पर आ गया। इसी तरह निफ्टी ने 24,616 के स्तर से शुरुआत की पर इसके बाद यह मामूली 2.05 अंकों की गिरावट के साथ 24,593 पर कारोबार करता दिखा। दूसरी ओर आज वैश्विक स्तर पर भी बाजारों में गिरावट रही। अमेरिका के डाउ जोंस, एसएंडपी 500 और नैस्डैक मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए। वॉल स्ट्रीट पर मंगलवार को गिरावट के बाद बुधवार सुबह एशियाई बाजारों में गिरावट दर्ज की गई। वैश्विक बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और अंतर्राष्ट्रीय व्यापार को लेकर नई चिंताओं के कारण सेंटीमेंट्स प्रभावित हुए। ऑस्ट्रेलिया का एसएंडपी/एएसएक्स 200 0.5 फीसदी, जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 0.35 फीसदी गिरावट में रहा और दक्षिण कोरिया का कोस्पी उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में लगभग स्थिर रहा। डाउ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज 0.55 फीसदी गिरा, एसएंडपी 500 0.69 फीसदी कमजोर हुआ और टेक-हैवी नैस्डैक कंपोजिट 0.82 फीसदी नीचे गया। गिरजा/ईएमएस 03 सितंबर 2025