सेंसेक्स 1470, निफ्टी 488 अंक गिरा मुम्बई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को गिरावट पर बंद हुआ। सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन बाजार में ये गिरावट एशियाई बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के बीच ही बिकवाली हावी होने से आयी है। अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष बढने से भी निवेशकों ने बाजार से दूरी बनायी है जिससे भी घरेलू बाजार पर विपरीत प्रभाव पड़ा है। दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1470.50 अंक की गिरावट के साथ ही 74,563.92 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 488.05 अंक फिसलकर यह 23,151.10 के स्तर पर बंद हुआ। आज बाजार में आई गिरावट से निवेशकों के लाखों करोड़ रुपए डूबे। शेयर मार्केट में गिरावट के कारण निवेशकों को बड़ा नुकसान हुआ है। बीएसई सेंसेक्स पर लिस्टेड कंपनियों का बाजार पूंजीकरण सुबह-सुबह करीब 6.55 लाख करोड़ रुपए गिर कर करीब 433 लाख करोड़ रुपए रह गया है। बाजार जानकारों के अनुसार मध्यपूर्व में संघर्ष के कारण तेल के दाम बढ़ने से भी बाजार गिरा है। वहीं अमेरिकी बाजारों में भारी गिरावट से भी भारतीय बाजार पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने पिछले कारोबारी सत्र में भारतीय बाजार से 7,000 करोड़ रुपए से ज्यादा की बिकवाली की। हालांकि घरेलू संस्थागत निवेशकों करीब 7,500 करोड़ रुपए की खरीदारी कर बाजार को कुछ सहारा देने की कोशिश की। आज आईटी, मेटल, ऑटो और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में व्यापक बिकवाली देखने को मिली। इससे पहले आज सुबह सेंसेक्स गिरावट के साथ ही 75,444 अंक पर खुला, जबकि गुरुवार को यह 76,034 अंक पर बंद हुआ था। सुबह शुरुआत के बाद सेंसेक्स 588.06 अंक की गिरावट के साथ 75,446.36 अंक पर कारोबार करता दिखाई दिया। इसी तरह निफ्टी भी गिरावट के साथ 23,462 अंक पर खुला। सुबह शुरुआत के बाद यह 216.35 अंक की कमजोरी के साथ लगभग 23,422 अंक पर कारोबार कर रहा था। गिरावट की एक बड़ी वजह विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार बिकवाली भी है। इसके अलावा डॉलर के मुकाबले रुपये में कमजोरी ने भी बाजार पर दबाव बढ़ाया है। सेक्टोरल स्तर पर मेटल, आईटी और बैंकिंग शेयरों में ज्यादा बिकवाली देखने को मिली, जिससे प्रमुख सूचकांकों पर नकारात्मक असर पड़ा। ईएमएस 13 मार्च 2026