राज्य
06-Sep-2025


:: नागरिकों के लिए 24x7 उपलब्ध है डिजिटल हेल्प डेस्क, एक मैसेज से जानें पात्रता और अस्पतालों की सूची :: इंदौर (ईएमएस)। आयुष्मान भारत निरामय योजना का लाभ सभी पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाने के लिए एक नई पहल की गई है। अब नागरिक WhatsApp पर आयुष्मान सखी नामक एक डिजिटल हेल्प डेस्क के माध्यम से योजना से जुड़ी सारी जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। यह सेवा 24x7 उपलब्ध रहेगी। आयुष्मान सखी को मध्य प्रदेश राज्य स्वास्थ्य एजेंसी द्वारा MPseDC के सहयोग से विकसित किया गया है। इसके जरिए कोई भी व्यक्ति WhatsApp नंबर 0755-2762582 पर नमस्ते या Hi मैसेज भेजकर जानकारी प्राप्त कर सकता है। चैटबॉट में कई विकल्प दिए गए हैं, जिन्हें चुनकर लोग अपनी पात्रता की जांच, आयुष्मान कार्ड वॉलेट की जानकारी, योजना से जुड़े अस्पतालों की सूची, और आयुष्मान कार्ड डाउनलोड करने जैसी सुविधाएं पा सकते हैं। यह चैटबॉट आभा आईडी (आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट) और वय वंदना योजना की जानकारी भी देता है। इसके अलावा, 70 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड कैसे बनाए जाते हैं, इसकी जानकारी भी उपलब्ध है। यह राज्य आयुष्मान भारत निरामय शाखा का एक नवाचार है, जिसका उद्देश्य आम जनता को सहज और सुलभ तरीके से जानकारी उपलब्ध कराना है। प्रकाश/6 सितम्बर 2025