क्षेत्रीय
07-Sep-2025


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के पश्चिमी उपनगर दहिसर इलाके में स्थित शांतिनगर जनकल्याण एस.आर.ए. इमारत रविवार को अचानक आग लगने से दहल गई। इमारत में आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। मगर इस आगजनि के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। उधर इमारत में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की कई टीमें मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर बचाव कार्य किया गया। वहीं, पुलिस प्रशासन ने इलाके को सील कर सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली। इस आग में इलाज के दौरान एक 75 साल की वृद्ध महिला की मौत हो गई। साथ ही, तीन लोग घायल हुए हैं। इनमें से एक की हालत गंभीर है। बताया गया है कि एक 12 साल की बच्ची पूरी तरह से जल गई है। फ़िलहाल बच्ची का इलाज चल रहा है। वहीं दो और लोगों को मामूली चोटें आई हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया है। जानकारी के अनुसार, आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में पूरे इलाके में धुआं फैल गया। इससे पड़ोसी इमारत के नागरिकों में भय का माहौल बन गया। प्रशासन आग लगने के सही कारणों का पता लगाने में जुटा है। संजय/संतोष झा- ०७ सितंबर/२०२५/ईएमएस