राज्य
12-Sep-2025
...


- अब 9 गेट से छोड़ा जा रहा 1096 क्यूमेक पानी - नर्मदा का जलस्तर 6 फीट बढ़ने की संभावना जबलपुर (ईएमएस)। डिंडौरी और मंडला जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बरगी बांध में पानी का स्तर तेजी से बढ़ गया है। इसी को देखते हुए शुक्रवार सुबह 10 बजे बांध के 4 और गेट खोल दिए गए। अब कुल 9 गेटों से 1096 क्यूमेक पानी नर्मदा नदी में छोड़ा जा रहा है। बांध की जल क्षमता फिलहाल 422.76 मीटर तक भर चुकी है। इससे पहले 2 सितंबर को बांध के 5 गेट खोले गए थे, जिनसे 395 क्यूमेक पानी छोड़ा गया था। इसके बावजूद जल स्तर में कमी नहीं आई। शुक्रवार को भी बांध का जलस्तर 422.76 मीटर दर्ज किया गया, जिसके बाद अतिरिक्त गेट खोलने का निर्णय लिया गया। वर्तमान में बांध की कुल उपयोगी क्षमता 3180 एमसीएम (100%) है, जबकि पानी की आवक 897 क्यूमेक बनी हुई है। - 6 फीट तक बढ़ेगा नर्मदा का जलस्तर 9 गेटों को 0.78 मीटर ऊंचाई तक खोले जाने के कारण नर्मदा नदी का जलस्तर 5 से 6 फीट तक बढ़ने की संभावना जताई गई है। बांध प्रबंधन ने लोगों से नर्मदा के घाटों और तटीय इलाकों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। साथ ही स्नान, दर्शन या अन्य गतिविधियों से फिलहाल परहेज करने की सलाह दी गई है।