धुले, (ईएमएस)। महाराष्ट्र के धुले के स्नेहनगर इलाके में महानगरपालिका के स्थायी समिति के पूर्व अध्यक्ष के बेटे ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आश्चर्य की बात ये है कि धूमधाम से बेटे का जन्मदिन 9 सितंबर को मनाया गया था। 3 दिन बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। उसकी मौत के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धुले मनपा की पूर्व स्थायी समिति अध्यक्ष सोनल शिंदे के बेटे विराज शिंदे ने आत्महत्या कर ली। उसने अपने घर में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। आत्महत्या के दिन विराज घर पर अकेला था। पूरा परिवार बाहर गया हुआ था। कुछ देर बाद, परिवार बाहर से घर लौटा। तब वे विराज को फांसी पर लटका हुआ देखकर चौंक गए। शिंदे परिवार विराज को पास के अस्पताल ले गया। डॉक्टरों ने उसकी जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया। विराज ने आत्महत्या क्यों की? यह स्पष्ट नहीं है। इस मामले में शहर पुलिस थाने में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस घटना की जाँच कर रही है। संतोष झा- १२ सितंबर/२०२५/ईएमएस