* पाली-तुमान जुड़ेंगे * पर्यटन को लगेंगे पंख 3 से 4 दिन का टूर पैकेज बना सकेंगे * 2 माह में होगा तैयार कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने टूरिज्म सर्किट बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की घोषणा के बाद वन विभाग प्लान बनाने में जुट गया है। इस सर्किट में सतरेंगा, बुका, पाली, तुमान, देवपहरी, गोल्डन आइलैंड, टिहरीसराई सहित प्रमुख ऐतिहसिक स्थलों को शामिल किया जाएगा। पर्यटक 3 से 4 दिन का टूर पैकेज बना सकेंगे। इसके हिसाब से प्लानिंग की जा रही है। वॉटर स्पोर्ट्स के साथ नेचर ट्रेल भी तैयार किया जाएगा। जंगल में मिलने वाले पेड़-पौधों की खासियत भी पर्यटक जान सकेंगे। पर्यटन कॉरिडोर की भी लंबे समय से चर्चा होती रही है। अभी तक पर्यटकों के लिए सतरेंगा व बुका में ही सुविधाएं विकसित की गई हैं। सतरेंगा में पर्यटन विभाग कॉटेज और मोटर बोटिंग का संचालन करता है। बुका में वन विभाग की वन समिति संचालन कर रही है। इस बार वन विभाग को प्लानिंग का जिम्मा दिया गया है। अभी तक गोल्डन आइलैंड जुड़ नहीं पाया है। इसी तरह पॉइंट, टाइगर पॉइंट जैसे स्थानों के प्राकृतिक सौंदर्य आकर्षण का केंद्र है। इसके आगे नकिया जलप्रपात है। मड़वारानी धार्मिक व प्राकृतिक पर्यटन केंद्र के नाम से प्रसिद्ध है। इसी तरह कोसगाई पहाड़ में पुरातात्विक अवशेष बिखरे पड़े हैं। कटघोरा वन मंडल का तुमान और केंदई जलप्रपात लोगों को लुभाता है। * बनेंगे फ्लोटिंग रेस्टोरेंट, इको फ्रेंडली कॉटेज गोल्डन आइलैंड टिहरीसराई में वन विभाग में फ्लोटिंग रेस्टोरेंट, इको फ्रेंडली कॉटेज, वॉटर स्पोर्ट्स, नेचर ट्रेल की सुविधा विकसित करने की योजना है। अभी यहां वन विभाग का रेस्ट हाउस है। पर्यटकों के लिए कोई सुविधा नहीं है। इसके बाद भी बड़ी संख्या में लोग घूमने पहुंचते हैं। * लेंगे प्रकृति सौंदर्य का आनंद पर्यटकों के लिए नेचर ट्रेल बनने पर वे प्राकृतिक सौंदर्ट्स का आनंद उठा सकेंगे। इसके अलावा जंगल में पाए जाने वाले दुर्लभ प्रजाति के पेड़-पौधों के साथ जंगली जानवरों के संबंध में भी जानकारी हासिल करेंगे। इसके लिए जगह चिन्हित की जा रही है। इसके अलावा यहां के रहवासियों के रहन-सहन के संबंध में भी पर्यटकों को जानकारी मिल सकेगी। * बांगो बांध के जल भराव क्षेत्र में 12 से अधिक आईलैंड बांगो बांध के जलभराव क्षेत्र में 12 से अधिक आइलैंड है। इस वजह से इसे भी डेवलप करने का निर्णय लिया गया है। पर्यटक मोटरबोट से पहुंचकर यहां घूम सके, इसके लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। सतरेंगा, बुका और टिहरीसराई से आइलैंड में जा सकते हैं। इसके लिए पहले क्रूज लाने की तैयारी की गई थी, लेकिन पर्यटन मंडल खरीद नहीं पाया। * बढ़ाएंगे पर्यटकों के रुकने के लिए कॉटेज की संख्या पर्यटकों के रुकने कॉटेज की संख्या बढ़ेगी। सतरेंगा में करीब 50 लोग रुक सकते हैं। इसी तरह बुका में भी सुविधा है। पर्यटकों के लिए कॉटेज की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा भी अन्य स्थानों पर कॉटेज बनाने की योजना है। पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ रोजगार की प्लानिंग : कटघोरा डीएफओ कटघोरा डीएफओ कुमार निशांत ने बताया कि टूरिज्म सर्किट बनाने के लिए सर्वे चल रहा है। इसमें दो महीने का समय है। जिले के प्रमुख स्थलों को शामिल किया जाएगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ लोगों को रोजगार भी मिले, इसकी प्लानिंग कर रहे हैं। 14 सितंबर / मित्तल