अंतर्राष्ट्रीय
17-Sep-2025


वाशिंगटन,(ईएमएस)। अभियुक्त ने अपने रूममेट को लिखे एक गुप्त संदेश में अपराध कबूल किया था। 22 साल के टायलर रॉबिन्सन पर आरोप है कि उन्होंने कर्क की हत्या की है। अमेरिका में दक्षिणपंथी कार्यकर्ता चार्ली कर्क की गोली मारकर हत्या करने वाले अभियुक्त को लेकर अभियोजकों ने बड़ा दावा किया है। अभियोजकों का कहना है कि अभियुक्त ने अपने रूममेट को लिखे एक गुप्त संदेश में अपराध कबूल किया था। यूटा के अटॉर्नी जेफ़्री ग्रे ने बताया कि अभियुक्त ने अपने रूममेट के लिए कंप्यूटर कीबोर्ड के नीचे एक नोट छोड़ा था। उन्होंने यह भी कहा कि रूममेट अभियुक्त का रोमांटिक पार्टनर था। ग्रे के मुताबिक उस नोट में लिखा था मुझे चार्ली कर्क को खत्म करने का मौका मिला है और मैं यह करने जा रहा हूं। अभियोजन पक्ष ने दोनों रूममेट्स के बीच हुए टेक्स्ट संदेश भी पेश किए। इनमें से एक में अभियुक्त ने कथित तौर पर कहा कि उसने कर्क को गोली मारी क्योंकि वह उनकी नफरत से तंग आ गया था। बता दें चार्ली कर्क अमेरिका के सबसे हाई-प्रोफाइल कंज़र्वेटिव कार्यकर्ताओं और मीडिया हस्तियों में से एक थे। वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भरोसेमंद सहयोगी थे। बीते सप्ताह बुधवार को यूटा के एक कॉलेज में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिस पर ट्रंप समेत उपराष्ट्रपति वेंस ने भी दुख व्यक्त किया था। सिराज/ईएमएस 17सितंबर25