राष्ट्रीय
18-Sep-2025


20 दिनों से थी लापता, बोरे में मिली सड़ी गली लाश, पुलिस कर रही जांच कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रामपुरहाट इलाके में 20 दिनों से लापता 7वीं क्लास की छात्रा की सड़ी हुई लाश मंगलवार को बोरे में मिली। शव के टुकड़े-टुकड़े करके पानी में फेंका गया था। पुलिस ने बुधवार को छात्रा के स्कूल टीचर मनोज कुमार पाल को गिरफ्तार कर लिया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक छात्रा के परिवार ने आरोपी मनोज कुमार पाल पर किडनैपिंग के बाद बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया गया कि टीचर कई दिनों से लड़की का यौन शोषण कर रहा था। लड़की के माता-पिता ने बताया कि टीचर ने उनकी बेटी को कई बार गलत तरीके से छुआ था। लड़की ने खुद अपनी मां को इसकी जानकारी दी थी। उसके लापता होने के बाद छात्रा की मां ने पुलिस को इसकी सूचना दी थी। पीड़ित परिवार के वकील ने कहा कि हमें शक है कि हत्या से पहले लड़की के साथ कई दिनों तक दुष्कर्क किया गया था। पुलिस को इसकी जांच करनी चाहिए। इधर आदिवासी समुदाय के सदस्यों ने बुधवार को लापरवाही का आरोप लगाते हुए​​​​​ रामपुरहाट पुलिस स्टेशन के बाहर घंटों विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने कालीडांगा गांव के पास पानी वाले इलाके से छात्रा का सड़ा गला शव बरामद किया था। टीचर की भूमिका पर शक होने पर, पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसने छात्रा के अपहरण, हत्या और फिर शव फेंकने की बात कबूल कर ली है। पुलिस ने आरोपी टीचर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। छात्रा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि लड़की 28 अगस्त को ट्यूशन पढ़ने घर से निकली थी, लेकिन जब वापस नहीं आई, तो परिवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बाद में आरोप लगाया कि टीचर मनोज कुमार पाल ने उसका अपहरण कर लिया है। हत्या का कारण पता लगाने में जुटी पुलिस मंगलवार सुबह पुलिस ने छात्रा का क्षत-विक्षत शव बरामद किया। एसपी ने बताया कि परिवार की तरफ से अभी तक दुष्कर्क का कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया है। पुलिस ने कहा कि टीचर ने छात्रा की हत्या क्यों की और क्या हत्या से पहले उसका शोषण किया था या नहीं इसकी जांच की जा रही है। हालांकि शव के सड़ने के कारण जांच में मुश्किलें आ रही हैं। गिरफ्तार टीचर को पुलिस हिरासत में रखा गया है। उससे पूछताछ जारी है। बता दें बंगाल में इस महीने दुष्कर्म की 3 घटनाएं हुईं। 5 सितंबर को कोलकाता के रीजेंट पार्क इलाके में 20 साल की लड़की का उसके जन्मदिन पर दो युवकों ने गैंगरेप किया। पुलिस के मुताबिक पीड़ित की दोनों आरोपियों से पहचान थी। एक आरोपी लड़की को उसका बर्थडे मनाने के लिए अपने दोस्त के घर ले गया। वहां उन्होंने खाना खाया। जब पीड़ित ने कहा कि वह घर लौटना चाहती है, तो आरोपियों ने उसे रोककर दुष्कर्म किया। आरोपियों की पहचान दीप और चंदन मलिक के रूप में हुई। 14 सितंबर को बंगाल के पूर्वी मिदनापुर जिले में पंसकुरा सुपरस्पेशलिटी अस्पताल में एक कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी के साथ उसके मैनेजर ने दुष्कर्म किया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे अस्पताल के ग्राउंड फ्लोर स्थित अपने कमरे में बुलाया और उसकके साथ अप्राकृतिक कृत्य किया। पुलिस ने अगले दिन आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पिछले साल कोलकाता के आरजी कर हॉस्पिटल में 8 अगस्त 2024 की रात ट्रेनी डॉक्टर का रेप-मर्डर हुआ था। ट्रेनी डॉक्टर का शव 9 अगस्त की सुबह हॉस्पिटल के सेमिनार हॉल में मिली थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने संजय रॉय नाम के सिविक वॉलंटियर को 10 अगस्त को अरेस्ट किया था। इस साल की शुरुआत में एक स्थानीय कोर्ट ने आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। यह केस देश के सबसे चर्चित दुष्कर्म मामलों में से एक है। सिराज/ईएमएस 18सितंबर25