राज्य
18-Sep-2025
...


इन्दौर (ईएमएस) एक दर्दनाक हादसे में आठ साल के मासूम बच्चे की नाले में बह जाने से मौत हो गई। हादसा ओमेक्स सिटी मायाखेडी का है। बच्चा वहां नाले किनारे रपट के पास खड़ा था, तभी एकाएक नाले का जल स्तर बढ़ जाने से वह बह गया था। घटना रात करीब 10 बजे की है। बच्चे का नाम राजवीर पिता राजपाल मालवीय था। वह घर के पास रपट किनारे अपने पिता के साथ ही खड़ा था उसके पिता चौकीदार है। इस बीच वे गाड़ी लगाने गए तभी नाले के तेज बहाव के चलते राजवीर पानी में बह गया। उसकी खोजबीन हेतु तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया लेकिन अंधेरा होने के कारण रात को रेस्क्यू रोकना पड़ा। सुबह दोबारा होमगार्ड के प्लाटून कमांडर सुमित खरे, राहुल गुप्ता और उनकी टीम ने रेस्क्यू शुरू किया। जिसमें जहां बच्चा बहा उसके आगे ही पुलिया के नीचे कांटों के बीच उसका शव फंसा हुआ मिला। राजवीर माता-पिता का इकलौता बेटा था। उससे बड़ी एक बहन है। वे मूलतः देवास जिले के फालिया के रहने वाले है। आनन्द पुरोहित/ 18 सितम्बर 2025