- शिवसेना शिंदे गुट-भाजपा कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़प, 3 लोग घायल कल्याण, (ईएमएस)। आगामी महानगरपालिका चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। खासकर ठाणे जिले में शिवसेना शिंदे गुट और भाजपा अपना वर्चस्व बनाने की होड़ में नजर आ रही है। शायद यही वजह है कि एक दूसरे के साथ सरकार चलाने के बावजूद दोनों दलों के कार्यकर्ता आपस में ही भीड़ गए। आलम यह रहा कि दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हिंसक झड़प हो गया और इस झड़प में तीन लोग घायल हुए हैं। घटना सोमवार रात शहाड़ इलाके में घटी जब भाजपा और शिवसेना शिंदे गुट के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गया। इस मारपीट में 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भाजपा के फ्रेम पर नवरात्रि की शुभकामनाओं का बैनर लगाए जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। भाजपा वार्ड अध्यक्ष मोहन कोणकर और शिंदे गुट के पूर्व नगरसेवक गणेश कोट के बेटे मुकेश कोट के बीच तीखी बहस हुई। बहस बढ़ती गई और आखिरकार स्थिति झड़प तक पहुँच गई। इस झड़प में मोहन कोणकर, मुकेश कोट और एक अन्य कार्यकर्ता घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही खड़कपाड़ा पुलिस मौके पर पहुँची और फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति है। इस मामले में दोनों गुटों ने एक-दूसरे के खिलाफ परस्पर विरोधी मामले दर्ज कराए हैं। स्थानीय राजनीति में भाजपा और शिंदे गुट के बीच गठबंधन होने के बावजूद, उनके बीच मतभेद अक्सर उभर कर सामने आते रहते हैं। दो साल पहले, पूर्व विधायक गणपत गायकवाड़ और शिंदे गुट के महेश गायकवाड़ के बीच विवाद हुआ था। उल्हासनगर के हिल लाइन पुलिस स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक की कैबिन में ही गणपत गायकवाड़ ने फायरिंग कर दी थी। अब शहाड में हुई झड़प चुनाव से ठीक पहले माहौल को और भी गरमा रही है। संतोष झा- १८ सितंबर/२०२५/ईएमएस