राष्ट्रीय
18-Sep-2025
...


:: पर्यटन मंत्रालय की पहल, इतिहासकार ज़फर अंसारी ने दी रोचक जानकारी :: इंदौर (ईएमएस)। भारत पर्यटन कार्यालय, इंदौर द्वारा सेवा पर्व के तहत एक अनूठा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें आस्था वृद्धा सेवा आश्रम के वरिष्ठ नागरिकों को शहर की ऐतिहासिक धरोहरों की सैर कराई गई। इस पहल का उद्देश्य वरिष्ठ जनों को शहर के समृद्ध इतिहास से जोड़ना और समाज में सेवा व सम्मान की भावना को बढ़ाना था। भारत पर्यटन के सहायक निदेशक ए. गोपाल ने बताया कि यह कार्यक्रम केंद्र सरकार के पर्यटन मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार आयोजित किया गया है। हेरिटेज वॉक की शुरुआत सुबह 10 बजे लालबाग पैलेस से हुई और यह महाराजा हरीराव होल्कर की छतरी से होते हुए राजवाड़ा पर समाप्त हुई। इस दौरान जाने-माने इतिहासकार ज़फर अंसारी ने वरिष्ठ नागरिकों को इंदौर के होलकर कालीन इतिहास और ऐतिहासिक इमारतों के बारे में रोचक जानकारियां दीं। उन्होंने अपने व्यक्तिगत संग्रह से कुछ दुर्लभ और ऐतिहासिक वस्तुएं भी प्रदर्शित कीं, जिन्होंने सभी का ध्यान आकर्षित किया। हेरिटेज वॉक के बाद, सभी प्रतिभागियों को एडीटीओआई ट्रैवल संगठन के सहयोग से चोटीवाला रेस्टोरेंट में स्वादिष्ट भोजन कराया गया और फूलों का गुलदस्ता भेंट कर उनका सम्मान किया गया। इस आयोजन ने समाज को यह संदेश दिया कि हमें अपने वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान करना चाहिए और उन्हें अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़े रखना चाहिए। प्रकाश/18 सितम्बर 2025